परिवहन आयुक्त ग्वालियर के निर्देश पर क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय (आरटीओ) भोपाल ने बुधवार को होशंगाबाद रोड और रायसेन रूट पर सघन चेकिंग अभियान चलाते हुए 11 वाहनों पर कार्रवाई की। इस दौरान नियम उल्लंघन करने पर कुल 84 हजार रुपए का समझौता शुल्क वसूला गया।
.
आरटीओ टीम ने बिना परमिट, फिटनेस और टैक्स के संचालन कर रहे एक ड्राइविंग स्कूल के वाहन और तीन पीयूसी वाहनों को जब्त किया। वहीं, कई लोक परिवहन बसों, स्कूल वाहनों और मालवाहकों में ओवरलोडिंग, अधिक किराया वसूलने, स्पीड गवर्नर व दस्तावेजों की कमी जैसी खामियां पाई गईं।
आरटीओ जितेंद्र शर्मा ने बताया कि बस क्रमांक MP 44 ZD 2824 पर परमिट शर्तों का उल्लंघन पाए जाने पर नए मोटर यान अधिनियम के तहत प्रदेश की पहली कार्रवाई की गई। इस बस पर विशेष जुर्माना लगाकर चालान किया गया।
पीयूसी वाहन पर भी हुई कार्रवाई।
बिना परमिट और दस्तावेज वाले वाहनों पर कार्रवाई जारी रहेगी
चेकिंग के दौरान टीम ने लोगों को अपने वाहनों पर एचएसआरपी (HSRP) नंबर प्लेट अनिवार्य रूप से लगवाने और सभी आवश्यक दस्तावेज साथ रखने की हिदायत दी। आरटीओ का कहना है कि यात्री बसों, स्कूल-कॉलेज वाहनों और मालवाहकों पर आगे भी इसी तरह का सख्त अभियान जारी रहेगा।
भोपाल आरटीओ जितेंद्र शर्मा ने कहा, “यात्रियों की सुरक्षा और सड़क नियमों का पालन हमारी पहली प्राथमिकता है। बिना परमिट और दस्तावेज वाले वाहनों पर इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

