फिरोजाबाद के सरकारी ट्रॉमा सेंटर में शनिवार देर रात इलाज को लेकर हंगामा हो गया। एक तीमारदार युवक पर ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टरों से अभद्रता, गाली-गलौज, धक्का-मुक्की और जान से मारने की धमकी देने का आरोप है। चिकित्सकों का आरोप है कि युवक शराब के नशे में था। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। जानकारी के अनुसार, राहुल कश्यप नामक युवक अपने एक मरीज को इलाज के लिए ट्रॉमा सेंटर लाया था। आरोप है कि उपचार को लेकर उसकी ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर से कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर युवक ने मोबाइल फोन से वीडियो रिकॉर्डिंग शुरू कर दी और डॉक्टरों से तीखी बहस की। इससे अस्पताल में अफरा-तफरी मच गई और मरीजों व तीमारदारों की भीड़ जमा हो गई। डॉक्टरों का आरोप है कि युवक शराब के नशे में था। उसने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए अभद्र भाषा का प्रयोग किया। जब डॉक्टरों ने इसका विरोध किया, तो उसने उनके साथ धक्का-मुक्की की, गाली-गलौज की और “देख लेने” की धमकी दी। अस्पताल स्टाफ ने स्थिति संभालने का प्रयास किया, लेकिन हंगामा बढ़ता गया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को समझाकर माहौल शांत कराया। ड्यूटी डॉक्टर ने संबंधित युवक के खिलाफ पुलिस को लिखित शिकायत दी है। पुलिस ने पूरे घटनाक्रम की जांच शुरू कर दी है और अस्पताल में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। इस घटना के बाद अस्पताल के चिकित्सकों और कर्मचारियों में नाराजगी है। उनका कहना है कि स्वास्थ्यकर्मियों के साथ अभद्रता और मारपीट की घटनाएं बढ़ रही हैं, जिससे डॉक्टरों में असुरक्षा की भावना पैदा हो रही है। चिकित्सकों ने प्रशासन से अस्पताल में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। पुलिस ने बताया कि शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Source link
तीमारदार पर डॉक्टरों से अभद्रता, धक्का-मुक्की का आरोप: फिरोजाबाद ट्रॉमा सेंटर में देर रात हंगामा, पुलिस जांच में जुटी – Firozabad News
RELATED ARTICLES

