गोपालगंज में 50 वर्षीय व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना मांझागढ़ थाना क्षेत्र के लंगटू हाता गांव की है। मृतक की पहचान लंगटू हाता गांव निवासी रामप्रवेश राम के रूप में हुई है। परिजन के अनुसार, उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई थी और उन्हें सांस लेने में दिक्कत होने लगी थी। उन्हें पहले मांझागढ़ पीएचसी में भर्ती कराया गया, लेकिन हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने सदर अस्पताल रेफर कर दिया। इलाज के दौरान सदर अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में उनकी मौत हो गई। शराब पीने की नहीं हुई पुष्टि रामप्रवेश राम की मौत के बाद इलाके में जहरीली शराब पीने से मौत की चर्चा तेजी से फैल गई। सूचना मिलते ही गोपालगंज पुलिस और उत्पाद विभाग अलर्ट हो गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विनय तिवारी ने सदर एसडीपीओ-2 राजेश कुमार और उत्पाद अधीक्षक अमितेश झा के नेतृत्व में एक विशेष जांच टीम का गठन किया। जांच टीम ने मांझागढ़ के लंगटू हाता गांव पहुंचकर मामले की गहन छानबीन की। टीम ने गांव के लोगों और परिजनों से पूछताछ की। सदर एसडीपीओ-2 राजेश कुमार ने बताया कि अब तक की जांच में शराब पीने की पुष्टि नहीं हुई है। उन्होंने यह भी बताया कि पूछताछ के दौरान परिजनों ने भी मृतक द्वारा किसी प्रकार की शराब के सेवन से इनकार किया है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से होगा स्पष्ट खुलासा एसडीपीओ-2 ने जानकारी दी कि मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। फिलहाल, इस पूरे मामले को लेकर गांव में तरह-तरह की चर्चाएं जारी हैं। अब सभी की निगाहें पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिकी हुई हैं, जिससे यह साफ हो पाएगा कि रामप्रवेश राम की मौत बीमारी की वजह से हुई या फिर इसके पीछे कोई और कारण है।
Source link

