गर्दनीबाग धरना स्थल पर सांसद पप्पू यादव के काफिले के पहुंचने के दौरान हंगामा और मारपीट सामने आई है। अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति कल्याण विभाग में वेलफेयर ऑफिसर अरविंद कुमार ने पप्पू यादव के समर्थकों पर मारपीट और पिस्तौल की बट से सिर पर हमला करने का आरोप लगाया है। उन्होंने गर्दनीबाग थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। गर्दनीबाग थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार ने इसकी पुष्टि की है। अरविंद कुमार के मुताबिक, घटना शाम को हुई जब पप्पू यादव अपने काफिले के साथ गर्दनीबाग धरना स्थल पहुंचे। काफिले की वजह से सड़क पर जाम लग गया था। इसी दौरान अरविंद कुमार वहां से निकलने की कोशिश कर रहे थे। काले रंग की स्कॉर्पियो में सवार से हुआ विवाद उनका आरोप है कि काले रंग की स्कॉर्पियो में सवार एक व्यक्ति ने उन्हें रास्ते से हटने को कहा, जिसके बाद विवाद बढ़ गया। अरविंद कुमार ने बताया कि उनसे यह कहते हुए मारपीट की गई कि यह पप्पू यादव का काफिला है और उन्होंने गाड़ी क्यों रोकी। अरविंद कुमार का आरोप है कि विवाद के दौरान उनके सिर पर पिस्तौल की बट से हमला किया गया। हमले में उनके सिर से खून निकलने लगा। इसके बाद उन्होंने मौके पर मौजूद पप्पू यादव से घटना की शिकायत करने की बात कही। अरविंद कुमार के अनुसार, शिकायत के बावजूद उन्हें मौके पर कोई आश्वासन नहीं मिला। इसके बाद वह गर्दनीबाग थाने पहुंचे, जहां उनका मेडिकल कराया गया। अरविंद कुमार ने पुलिस को लिखित शिकायत देकर घटना में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर घटना की जांच शुरू कर दी है। पुलिस की जांच में मारपीट की असली वजह, इसमें शामिल लोगों और लगाए गए आरोपों की पुष्टि की जाएगी। समर्थकों का अलग दावा वहीं, पप्पू यादव के समर्थकों की ओर से घटना को लेकर अलग दावा किया गया है। समर्थकों का कहना है कि विवाद की शुरुआत अरविंद कुमार द्वारा उनकी गाड़ी का शीशा तोड़े जाने के बाद हुई। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद और मारपीट हुई। फिलहाल दोनों पक्षों की ओर से घटना को लेकर अलग-अलग दावे सामने आए हैं। पुलिस शिकायत, मेडिकल रिपोर्ट और मौके पर उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है। हालांकि गर्दनीबाग थाना अध्यक्ष ने बताया कि पप्पू यादव उनके 3 समर्थकों के साथ अन्य 10 अज्ञात पर मामला दर्ज किया गया है। हालांकि इस मामले में दोनों पक्षों के द्वारा आवेदन दिया गया है। जहां घटना की जांच की जा रही है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस जांच के बाद साफ होगी तस्वीर गर्दनीबाग धरना स्थल पर हुई इस घटना के बाद सांसद के काफिले और सरकारी कर्मचारी के बीच हुए विवाद को लेकर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि विवाद की शुरुआत किस बात को लेकर हुई और मारपीट में कौन-कौन लोग शामिल थे। आरोपों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।
Source link

