किशनगंज शहर में काली पूजा को लेकर उत्साह और भक्ति का माहौल है। दीपावली की रात से शुरू हुई मां काली की आराधना जारी है। शहर के स्थायी मंदिरों और विभिन्न पूजा पंडालों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ जुट रही है। भक्त कतार में लगकर पूजा-अर्चना कर रहे हैं और परिवार की सुख-शांति व समृद्धि की कामना कर रहे हैं। शहर के प्रसिद्ध ऐतिहासिक बूढ़ी काली मंदिर में विशेष रौनक है। यहां मां के दर्शन के लिए हजारों श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। मंदिर के मुख्य द्वार से आसपास की सड़कों तक लंबी कतारें लगी हैं। महिला, पुरुष, युवा और बुजुर्ग अपनी बारी का इंतजार कर मां के दरबार में पहुंच रहे हैं। श्रद्धालु दीप जलाकर और अगरबत्ती अर्पित कर पूजा कर रहे हैं। रोशनी से जगमगा रहा मंदिर परिसर काली पूजा के अवसर पर बूढ़ी काली मंदिर को आकर्षक ढंग से सजाया गया है। आधुनिक लाइटिंग और रंग-बिरंगी रोशनी से मंदिर परिसर जगमगा रहा है। रात में मंदिर और आसपास का इलाका आकर्षण का केंद्र बन रहा है। सजावट और तोरण द्वार देखने के लिए शहर के अलावा आसपास के ग्रामीण और सीमावर्ती इलाकों से भी लोग पहुंच रहे हैं। कई श्रद्धालु मंदिर की सजावट को कैमरे में कैद करते नजर आए। सुरक्षा के लिए पुलिस बल तैनात मंदिरों, पूजा स्थलों और बाजारों में बढ़ती भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के इंतजाम किए हैं। प्रमुख स्थानों पर पुलिस बल और दंडाधिकारियों की तैनाती की गई है। पूजा समिति के स्वयंसेवक भी भीड़ नियंत्रण और श्रद्धालुओं को सुगम दर्शन कराने में जुटे हैं। महिला और पुरुष श्रद्धालुओं के लिए अलग-अलग कतारों की व्यवस्था की गई है। पुलिसकर्मी और स्वयंसेवक लगातार व्यवस्था पर नजर रख रहे हैं।
Source link

