बुढ़ापे में स्वस्थ बने रहना शरीर के लिए किसी बड़ी चुनौती जैसा होता है लेकिन सही खान-पान और लाइफस्टाइल से आप ये कर सकते हैं। एक्ट्रेस समीरा रेड्डी के पिता 93 साल में भी फिट और एक्टिव हैं, चलिए जानते हैं कैसे?
बुढ़ापे में स्वस्थ और फिट रहना एक बड़ी चुनौती होती है और ज्यादातर लोग बुढ़ापे में स्वस्थ न होने की शिकायत करते हैं। पहले के जमाने के लोग 90 साल की उम्र तक एक्टिव और फिट बने रहते थे लेकिन आजकल 60-70 की उम्र आते-आते शरीर जवाब देने लगता है। कई लोग ऐसा सोचते हैं कि 90 साल की उम्र में फिट-एक्टिव शरीर मेंटेन करने के लिए काफी मेहनत करनी पड़ेगी लेकिन इस बात को एक्ट्रेस समीरा रेड्डी के पिता ने गलत साबित कर दिया है। समीरा के पिता चिंतापोली रेड्डी की उम्र 93 साल हो चुकी है और वह आज भी एक्टिव और फिट बने हुए हैं। अपनी फिटनेस का क्रेडिट उन्होंने अपने माइंड, वाइफ और तीन बेटियों को दिया लेकिन डॉक्टर्स का मानना है कि अगर आप 4 चीजें सही से अपनाते हैं, तो बुढ़ापे तक स्वस्थ और फिट रह सकते हैं।
बुढ़ापे में फिटनेस के लिए 4 चीजें हैं जरूरी
डॉक्टर्स का मानना है कि बुढ़ापे में फिट रहना शरीर के लिए चुनौती होती है लेकिन सही आदतों से आप ऐसा आसानी से कर सकते हैं। लंबी उम्र तक शरीर में ताकत, चलने-फिरने की क्षमता और आत्मनिर्भरता बनाए रखने के लिए आपको 4 नियम अपनाने चाहिए।
1. मांसपेशियों को रखना होगा मजबूत
बढ़ती उम्र के साथ शरीर में मांसपेशियों की ताकत धीरे-धीरे कम होने लगती है, इस अवस्था को सार्कोपीनिया कहते हैं। मांसपेशियों की ताकत बनाए रखने के लिए व्यक्ति को थोड़े रूटीन वाले काम, चलने फिरने की आदत और बैलेंस डाइट लेने की सलाह दी जाती है। अगर आप बिल्कुल काम नहीं करेंगे, तो शरीर के साथ हड्डियां-मांसपेशियां भी जाम होने लगेंगी।
2. डाइट में सही चीजों को करें शामिल
हम अक्सर जंक फूड ये सोचकर खाते हैं कि अभी खा लेते हैं बुढ़ापे में तो वैसे ही सब छूट जाता है। लेकिन अगर आप अभी जंक-फास्ट फूड ज्यादा खाएंगे तो उसका असर बुढ़ापे तक रहेगा। इससे आपके शरीर में धीरे-धीरे न्यूट्रिशन की कमी आने लगेगी और फिर बुढ़ापा आने तक आपका शरीर कमजोर होने लगेगा। जवान हो या फिर बुजुर्ग सभी को अपनी डाइट में पर्याप्त मात्रा में प्रोटीन, कैल्शियम, विटामिन D, फाइबर लेना चाहिए। साथ ही खूब सारा पानी पीना चाहिए।
3. सिर्फ एक्सरसाइज करना काफी नहीं
अगर आप सोचते हैं कि बुढ़ाप में योगा-एक्सरसाइज करने भर से फिट रहा जा सकता है, तो आप गलतफहमी में है। सिर्फ एक्सरसाइज करने से कुछ नहीं होगा फिट रहने के लिए आपको अच्छी नींद, सही खानपान, लोगों से बातचीत, परिवार और दोस्तों से मिलना-जुलना भी आपके शरीर को फिट रख सकता है। इससे आपका दिमाग खुश रहेगा और आप अंदर से एक्टिव फील करेंगे।
4. माइंड के साथ खेलें गेम
कहा जाता है कि आप जैसा सोचोगे वैसा ही हो जाओगे। सेहत के साथ भी कहीं न कहीं यही होता है। अगर आप सोचेंगे कि आप अब भी फिट और एक्टिव हैं, तो दिमाग यही सिग्नल बॉडी को देगा। ऐसे में आप अंदर से अच्छा महसूस करेंगे। बुजुर्गों को अपनी पसंद की चीजें करते रहना चाहिए और लोगों से मिलकर बात करनी चाहिए। ऐसा करने से वह स्वस्थ और खुश रहेंगे। बुढ़ापे में फिट रहने के लिए आपका खुश रहना जरूरी है।

