होली, दिवाली या किसी भी खास अवसर पर गुजिया का नाम आते ही मुंह में मिठास घुल जाती है. खासतौर पर चाशनी में डूबी हलवाई स्टाइल गुजिया स्वाद में बेहद लाजवाब होती है. बाहर से कुरकुरी और अंदर से मावा व मेवों की भरपूर स्टफिंग वाली यह मिठाई हर उम्र के लोगों को पसंद आती है. आइए जानते हैं हलवाई जैसी चाशनी वाली गुजिया बनाने की आसान रेसिपी.
आवश्यक सामग्री
गुजिया के आटे के लिए
2 कप मैदा
4 बड़े चम्मच घी
आवश्यकतानुसार पानी
स्टफिंग के लिए
250 ग्राम मावा (खोया)
2 बड़े चम्मच सूखा नारियल कद्दूकस किया हुआ
2 बड़े चम्मच काजू कटे हुए
2 बड़े चम्मच बादाम कटे हुए
1 बड़ा चम्मच किशमिश
½ छोटा चम्मच इलायची पाउडर
2 बड़े चम्मच पिसी चीनी
चाशनी के लिए
1 कप चीनी
½ कप पानी
4-5 केसर के धागे (वैकल्पिक)
2-3 इलायची
तलने के लिए
घी या तेल
बनाने की विधि
आटा तैयार करें
एक बड़े बर्तन में मैदा और घी मिलाकर अच्छी तरह मसल लें. जब मिश्रण मुट्ठी में दबाने पर बंधने लगे तो समझिए मोयन सही है. अब थोड़ा-थोड़ा पानी डालकर सख्त आटा गूंथ लें. आटे को ढककर 20-25 मिनट के लिए रख दें.
स्टफिंग बनाएं
एक कड़ाही में मावा डालकर धीमी आंच पर हल्का सुनहरा होने तक भूनें. मावा ठंडा होने पर इसमें नारियल, काजू, बादाम, किशमिश, इलायची पाउडर और पिसी चीनी मिलाएं. स्वादिष्ट स्टफिंग तैयार है.
गुजिया तैयार करें
आटे की छोटी-छोटी लोइयां बनाकर पूड़ी की तरह बेल लें. अब गुजिया मोल्ड या हाथ की सहायता से इसके बीच में स्टफिंग भरें. किनारों पर हल्का पानी लगाकर अच्छी तरह बंद करें ताकि तलते समय स्टफिंग बाहर न निकले.
गुजिया तलें
कड़ाही में घी या तेल गर्म करें. मध्यम से धीमी आंच पर गुजिया को सुनहरा और कुरकुरा होने तक तलें. सभी गुजिया इसी तरह तैयार कर लें.
चाशनी बनाएं
एक पैन में चीनी और पानी डालकर उबालें. इसमें इलायची और केसर डालें. लगभग एक तार की चाशनी तैयार होने तक पकाएं. चाशनी बहुत अधिक गाढ़ी नहीं होनी चाहिए.
चाशनी में डुबोएं
तली हुई गर्म गुजिया को 2-3 मिनट के लिए गर्म चाशनी में डालें. इसके बाद निकालकर जाली या प्लेट पर रखें. चाशनी की हल्की परत गुजिया पर जम जाएगी और स्वाद कई गुना बढ़ जाएगा.
हलवाई जैसी परफेक्ट गुजिया बनाने के टिप्स
मोयन पर्याप्त मात्रा में डालें, इससे गुजिया खस्ता बनती है.
स्टफिंग पूरी तरह ठंडी होने के बाद ही भरें.
गुजिया को हमेशा धीमी आंच पर तलें.
चाशनी एक तार की ही रखें, ज्यादा गाढ़ी होने पर स्वाद प्रभावित हो सकता है.
सजावट के लिए ऊपर से पिस्ता या बादाम की कतरन डाल सकते हैं.

