गोंडा: भारतीय खाने में चटनी का अपना अलग ही स्वाद है. दाल-चावल हो, रोटी हो या पकौड़े, चटनी खाने का जायका बढ़ा देती है. खास बात यह है कि स्वादिष्ट देसी चटनी बनाने के लिए ज्यादा सामग्री या मेहनत की जरूरत नहीं होती. घर में मौजूद कुछ सामान्य चीजों से इसे आसानी से तैयार किया जा सकता है.
कम सामग्री में तैयार होगी स्वादिष्ट चटनी
लोकल 18 से बातचीत के दौरान गृहिणी ममता तिवारी बताती हैं कि पारंपरिक स्वाद वाली चटनी बनाने के लिए लहसुन, हरी मिर्च, सूखी लाल मिर्च, नमक, हरा धनिया, धनिया, जीरा, हींग, सौंफ और मंगरेल जैसी सामग्री का इस्तेमाल किया जा सकता है. अगर हरा धनिया उपलब्ध नहीं है तो भुना हुआ साबुत धनिया भी इस्तेमाल कर सकते हैं.
उन्होंने बताया कि सबसे पहले 2 से 4 कलियां लहसुन, स्वाद के अनुसार हरी मिर्च, सूखी लाल मिर्च और नमक लें. इसके बाद साबुत धनिया, जीरा, सौंफ, मंगरेल और चुटकी भर सूखी हींग लें. धनिया और अन्य मसालों को हल्का भून लेने से चटनी का स्वाद और खुशबू और बढ़ जाती है.
सिलबट्टे पर पीसने से बढ़ता है स्वाद
ममता तिवारी बताती हैं कि सभी सामग्री को सिलबट्टे पर धीरे-धीरे पीसना चाहिए. सबसे पहले लहसुन, मिर्च और नमक को पीसें. इसके बाद भुना हुआ धनिया और अन्य मसाले डालकर अच्छी तरह पीस लें. जरूरत के अनुसार थोड़ा पानी डालकर चटनी को मनचाही गाढ़ी या पतली बना सकते हैं.
उन्होंने बताया कि पारंपरिक तरीके से सिलबट्टे पर पीसी गई चटनी का स्वाद अलग होता है. मिक्सर में पीसी गई चटनी की तुलना में सिलबट्टे पर तैयार चटनी में मसालों की खुशबू और स्वाद ज्यादा अच्छा महसूस होता है. इसलिए संभव हो तो चटनी को सिलबट्टे पर ही पीसना चाहिए.
इन चीजों के साथ खा सकते हैं चटनी
ममता तिवारी के मुताबिक, यह देसी चटनी दाल-चावल, रोटी, पराठे, चोखा, बाटी और भटूरे के साथ भी खाई जा सकती है. कम सामग्री और आसान विधि से तैयार होने वाली यह चटनी खाने का स्वाद और बढ़ा देती है.

