Saturday, May 30, 2026
Homeदेशदिल्‍लीवालों के लिए एक साथ आई दो खुशखबरी, वीकेंड पर मौज-मस्‍ती का...

दिल्‍लीवालों के लिए एक साथ आई दो खुशखबरी, वीकेंड पर मौज-मस्‍ती का बन गया माहौल


होमताजा खबरDelhi

दिल्‍लीवालों के लिए एक साथ आई दो खुशखबरी, वीकेंड पर मौज-मस्‍ती का बन गया माहौल

Last Updated:

Delhi Weather News: देश के विभिन्‍न हिस्‍सों में मौसम का मिजाज इन दिनों पल में तोला, पल में माशा वाले दौर से गुजर रहा है. दो-तीन दिन पहले ही दिल्‍ली और आसपास के इलाके 45 से 46 डिग्री सेल्सियस वाले तापमान में झुलस रहे थे. उसके बाद बारिश और तूफान की वजह से तापमान में 9 डिग्री तक की गिरावट दर्ज की गई. एयर पॉल्‍यूशन में भी सुधार हुआ है.

Zoom

दिल्‍ली में तूफानी हवा के साथ हुई बारिश से एक तरफ जहां तापमान में गिरावट आई तो दूसरी तरफ एयर पॉल्‍यूशन में भी सुधार हुआ है. (फोटो: PTI)

Delhi Weather News: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और एनसीआर के लोगों को भीषण गर्मी और लू के प्रकोप से बड़ी राहत मिली है. पिछले 48 घंटों के दौरान राजधानी के अधिकतम तापमान में 7 से 9 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई है. मौसम में आए इस अचानक बदलाव के साथ ही वायु गुणवत्ता में भी उल्लेखनीय सुधार हुआ है, जिसके चलते वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (CAQM) ने पूरे एनसीआर में ग्रेडेड रिस्पॉन्स एक्शन प्लान (GRAP) के पहले चरण के तहत लागू सभी प्रतिबंध तत्काल प्रभाव से वापस लेने का फैसला किया है.

दिल्ली में 27 मई तक हालात बेहद चुनौतीपूर्ण बने हुए थे. कई इलाकों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया था. रिज क्षेत्र में अधिकतम तापमान 45.6 डिग्री, आया नगर में 45.4 डिग्री, पालम में 44.6 डिग्री, लोधी रोड में 44.6 डिग्री और सफदरजंग में 44.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था. लगातार पड़ रही भीषण गर्मी के कारण लोगों का जनजीवन प्रभावित हो रहा था और अस्पतालों में हीट स्ट्रोक तथा गर्मी से जुड़ी अन्य बीमारियों के मरीजों की संख्या भी बढ़ रही थी. हालांकि, 29 मई तक मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया. रिज क्षेत्र का तापमान घटकर 36.8 डिग्री सेल्सियस रह गया, जबकि आया नगर में 36.0 डिग्री, पालम में 35.2 डिग्री, लोधी रोड में 35.7 डिग्री और सफदरजंग में 36.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. कई स्थानों पर तापमान में करीब 8 से 9 डिग्री तक की गिरावट देखने को मिली.

IMD ने क्‍या बताई वजह?

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, इस बदलाव की मुख्य वजह उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित कर रहा पश्चिमी विक्षोभ है. इसके प्रभाव से दिल्ली-एनसीआर में तेज हवाएं चलीं, बादल छाए रहे और कुछ इलाकों में हल्की बारिश भी हुई. मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि इन परिस्थितियों ने लू की स्थिति को समाप्त करने और तापमान को तेजी से नीचे लाने में अहम भूमिका निभाई. आईएमडी के एक वरिष्ठ वैज्ञानिक ने बताया कि तापमान में इस तरह की गिरावट बुजुर्गों, बच्चों और खुले में काम करने वाले श्रमिकों के लिए विशेष रूप से राहत लेकर आई है. विभाग ने अगले कुछ दिनों तक अपेक्षाकृत सुहावने मौसम की संभावना जताई है. अनुमान है कि अधिकतम तापमान 35 से 38 डिग्री सेल्सियस के बीच बना रहेगा, हालांकि इसके बाद धीरे-धीरे तापमान में फिर बढ़ोतरी हो सकती है.

AQI पर पॉजिटिव असर

मौसम में आए बदलाव का सकारात्मक असर वायु गुणवत्ता पर भी पड़ा है. तेज हवाओं और हल्की बारिश के कारण प्रदूषक कणों का स्तर कम हुआ, जिससे दिल्ली का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) बेहतर हुआ. गुरुवार को जहां दिल्ली का औसत AQI 207 दर्ज किया गया था, वहीं शुक्रवार को यह घटकर 123 पर पहुंच गया. यह स्तर ‘मध्यम’ श्रेणी में आता है. वायु गुणवत्ता में सुधार को देखते हुए सीएक्यूएम की जीआरएपी उपसमिति ने शुक्रवार को बैठक कर स्थिति की समीक्षा की. समिति ने मौसम विभाग और भारतीय उष्णकटिबंधीय मौसम विज्ञान संस्थान (IITM) के पूर्वानुमानों का अध्ययन करने के बाद पूरे एनसीआर में जीआरएपी के पहले चरण के तहत लागू सभी उपायों को समाप्त करने का निर्णय लिया. गौरतलब है कि बढ़ते प्रदूषण स्तर को देखते हुए 19 मई को GRAP-1 लागू किया गया था.

CAQM का क्‍या निर्देश?

CAQM ने हालांकि संबंधित राज्यों और दिल्ली सरकार की एजेंसियों को निर्देश दिया है कि वे प्रदूषण नियंत्रण से जुड़े सभी वैधानिक नियमों, दिशा-निर्देशों और आदेशों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करें. आयोग ने कहा कि वायु गुणवत्ता को ‘मध्यम’ श्रेणी में बनाए रखने और इसे दोबारा ‘खराब’ श्रेणी में जाने से रोकने के लिए निरंतर निगरानी और प्रभावी कार्रवाई आवश्यक है. मौसम वैज्ञानिकों ने चेतावनी दी है कि दिल्ली में मई और जून के दौरान मौसम तेजी से बदल सकता है. इसलिए लोगों को राहत के बावजूद पर्याप्त पानी पीने, धूप के चरम समय में बाहर निकलने से बचने और स्वास्थ्य संबंधी सावधानियां बरतने की सलाह दी गई है.

About the Author

authorimg

Manish Kumar

बिहार, उत्‍तर प्रदेश और दिल्‍ली से प्रारंभिक के साथ उच्‍च शिक्षा हासिल की. झांसी से ग्रैजुएशन करने के बाद दिल्‍ली यूनिवर्सिटी से पत्रकारिता में PG डिप्‍लोमा किया. Hindustan Times ग्रुप से प्रोफेशनल कॅरियर की शु…और पढ़ें



Source link

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments