11 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
कुवैत पर ईरानी ड्रोन अटैक के बाद धुआं उठने की तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल है।
ईरान के ड्रोन हमले में गुरुवार को कुवैत में दो इटली के नागरिकों की मौत हो गई। हमले में एक पाकिस्तानी और एक कुवैती नागरिक भी घायल हुए हैं।
इटली के विदेश मंत्री एंटोनियो ताजानी ने दोनों नागरिकों की मौत की पुष्टि की। रॉयटर्स के मुताबिक, दोनों जर्मनी की रक्षा कंपनी राइनमेटल में टेक्नीशियन थे।
कुवैत के रक्षा मंत्रालय ने बताया कि सेना ने देश के हवाई क्षेत्र में कई ड्रोन देखे थे। इसके बाद सेना ने उनसे निपटने की कार्रवाई की। हमले में देश के एक अहम ठिकाने को निशाना बनाया गया था।
रक्षा मंत्रालय के मुताबिक, हमले के दौरान गिरे मलबे के टुकड़ों से लोग घायल हुए।
कुवैत में तैनात हैं इटली के करीब 400 सैनिक
कुवैत में इटली की सैन्य मौजूदगी भी है। कुवैत में इटली के राजदूत लोरेंजो मोरिनी ने 4 नवंबर को बताया था कि वहां करीब 400 इटली के सैनिक तैनात हैं। इनमें से ज्यादातर एक एयरबेस पर तैनात हैं।
राजदूत के मुताबिक, ईरान युद्ध के दौरान इटली के सैनिकों को कई हफ्तों तक बंकरों और सुरक्षित ठिकानों में रहना पड़ा था। इसके बावजूद उन्होंने कुवैत में अपनी तैनाती जारी रखी।
ईरान पर कभी भी हमला कर सकता है इजराइल
इजराइल ईरान पर कभी भी हमला कर सकता है। इजराइली सेना ने गुरुवार को कहा कि वह अमेरिका की मदद के बिना भी ईरान पर पूरी ताकत से सैन्य कार्रवाई करने को तैयार है।
सेना के प्रवक्ता एफी डिफ्रिन ने सरकारी ब्रॉडकास्टर कान से कहा कि सेना हालात पर नजर रख रही है और किसी भी वक्त हमला कर सकती है।

खबर अपडेट हो रही है…


