सीवान में सावन की पहली सोमवारी पर प्रसिद्ध बाबा महेंद्रनाथ मंदिर, मेंहदार में श्रद्धालुओं को भीषण जाम और अव्यवस्था से हुई परेशानी की खबर दैनिक भास्कर में प्रमुखता से प्रकाशित होने के बाद प्रशासन हरकत में आया है। पहली सोमवारी की बदहाल यातायात व्यवस्था से सबक लेते हुए अब दूसरी सोमवारी को लेकर महेंद्रगिरी मेंहदार मंदिर में श्रावणी मेला के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को लेकर विशेष यातायात व्यवस्था लागू कर दी गई है। श्रावण मास के दौरान 30 जुलाई से 28 अगस्त तक मंदिर में संभावित भारी भीड़ को देखते हुए यातायात के सुगम संचालन के लिए यह व्यवस्था लागू रहेगी। इमरजेंसी संबंधित गाड़ियों को रोक से मुक्त इसके तहत बड़े वाहनों के प्रवेश पर निर्धारित समय में रोक लगाई गई है। अग्निशमन वाहन, एंबुलेंस, शव वाहन, न्यायिक कार्य से जुड़े वाहन और अन्य आपातकालीन वाहनों को इससे मुक्त रखा गया है। व्यवस्था के तहत रसुलपुर बाजार से चैनपुर बाजार तथा चैनपुर बाजार से रसुलपुर बाजार की ओर जाने वाले बड़े वाहनों का गुरुवार रात 10 बजे से शुक्रवार दोपहर 2 बजे तक प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। इसी तरह रविवार रात 10 बजे से सोमवार दोपहर 2 बजे तक भी दोनों दिशाओं में बड़े वाहनों के आवागमन पर रोक रहेगी। सिसवन तिलौता नहर से चैनपुर बाजार की ओर जाने वाले बड़े वाहनों के लिए भी इन्हीं समयावधि में प्रवेश निषेध रहेगा। फोर व्हीलर गाड़ियों का एंट्री पूरी तरह रहेगा बंद मंदिर आने वाले चार पहिया वाहनों के लिए भी पार्किंग की व्यवस्था की गई है। श्रद्धालुओं को अपने वाहन चैनपुर-रसुलपुर रोड पर बनाए गए बलिया कोठी स्टैंड में पार्क करने होंगे। वहीं स्टेट हाईवे के किनारे मंदिर द्वार से एक किलोमीटर पूर्व और एक किलोमीटर पश्चिम तक वाहनों को खड़ा करने की अनुमति नहीं होगी। इसके अलावा चैनपुर-रसुलपुर रोड से मंदिर की ओर जाने वाली ग्रामीण सड़क पर चार पहिया वाहनों का प्रवेश पूरी तरह बंद रहेगा। इस मार्ग को केवल दोपहिया वाहनों और पैदल आने वाले श्रद्धालुओं के लिए खुला रखा जाएगा। प्रशासन का उद्देश्य मंदिर के आसपास वाहनों का दबाव कम कर श्रद्धालुओं की आवाजाही को सुगम बनाना है। पहली सोमवारी पर घंटों जाम में फंसे शिवभक्तों को हुई परेशानी के बाद अब प्रशासन की ओर से उठाए गए इन कदमों को अहम माना जा रहा है। पुलिस ने श्रद्धालुओं और आम लोगों से अपील की है कि वे निर्धारित यातायात व्यवस्था का पालन करें और पुलिस-प्रशासन का सहयोग करें, ताकि दूसरी सोमवारी पर जाम की स्थिति से बचा जा सके। आपात स्थिति में श्रद्धालु डायल-112 पर संपर्क कर सकते हैं। जिला कंट्रोल रूम का नंबर 06154-242000 तथा यातायात थाना का नंबर 9031827226 जारी किया गया है।
Source link

