धार जिले में खेलों को बढ़ावा देने के लिए अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप बनाया जा रहा स्विमिंग पूल अब अंतिम चरण में पहुंच गया है। इसी को लेकर ग्लेन मार्क एक्वाटिक फाउंडेशन (GAF) के हेड अनुराग खेड़ा अपनी टीम के साथ धार पहुंचे और कलेक्टर प्रियंक मिश्रा
.
तैराकी को मिलेगा बड़ा मंच, युवाओं को मिलेगा फायदा
इस स्वीमिंग पूल के निर्माण का उद्देश्य धार जिले के युवाओं को तैराकी में बेहतर सुविधाएं और प्रशिक्षण देना है, ताकि वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपना प्रदर्शन कर सकें। फाउंडेशन और जिला प्रशासन के बीच हुई चर्चा में तैराकी केंद्र के संचालन और साझेदारी पर विस्तार से बात की गई।
फिलहाल मानसून में संचालन संभव नहीं
स्विमिंग पूल का निरीक्षण करने पहुंचे अनुराग खेड़ा ने बताया कि मानसून सीजन के कारण फिलहाल इसे शुरू नहीं किया जा सकता, लेकिन आने वाले महीनों में इसे चालू करने की योजना है। उन्होंने बताया कि जैसे ही मौसम अनुकूल होगा, केंद्र को ऑपरेशनल कर दिया जाएगा।
ग्लेनमार्क फाउंडेशन की पहल
ग्लेनमार्क एक्वाटिक फाउंडेशन, ग्लेनमार्क फार्मा की कॉर्पोरेट सामाजिक जिम्मेदारी (CSR) शाखा है, जो पूरे देश में तैराकी को बढ़ावा देने का कार्य कर रही है। अनुराग खेड़ा ने बताया कि फाउंडेशन का उद्देश्य है कि भारत में तैराकी के लिए बेहतर माहौल और विश्वस्तरीय प्रशिक्षण की सुविधा उपलब्ध कराई जाए।
देशभर में बने हैं उत्कृष्टता केंद्र
ग्लेन मार्क फाउंडेशन ने अब तक दिल्ली, भुवनेश्वर, तिरुवनंतपुरम और गांधीनगर में तैराकी के लिए उत्कृष्टता केंद्र स्थापित किए हैं। इन केंद्रों में खिलाड़ियों को आधुनिक तकनीक और संरचित प्रशिक्षण दिया जाता है। अब धार भी इस सूची में शामिल होने की तैयारी में है।
कलेक्टर बोले- धार के युवाओं में है अपार प्रतिभा
कलेक्टर प्रियंक मिश्रा ने कहा कि धार जिले के युवाओं में असीम क्षमताएं हैं। उन्हें सही मंच और सुविधाएं मिलें तो वे किसी भी बड़ी प्रतियोगिता में पदक जीत सकते हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस केंद्र के शुरू होने से धार के तैराकों को बेहतर अभ्यास और प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेने का मौका मिलेगा।

