धार शहर में सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए यातायात पुलिस ने विशेष अभियान शुरू किया है। 26 अप्रैल से चल रहे अभियान के तहत अब तक 2710 वाहन चालकों पर चालानी कार्रवाई करते हुए 10 लाख 85 हजार रुपए जुर्माना वसूला गया है।
.
यातायात पुलिस द्वारा शहर के प्रमुख चौराहों, मुख्य मार्गों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में लगातार वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इस दौरान दो पहिया और चार पहिया वाहनों की सघन जांच की जा रही है।
पुलिस टीम ने प्रमुख स्थानों के साथ यातायात थाने के सामने भी विशेष चेकिंग अभियान चलाया।
हेलमेट और सीट बेल्ट नहीं लगाने वालों पर कार्रवाई
अभियान के दौरान बिना हेलमेट दो पहिया वाहन चलाने वाले, सीट बेल्ट का उपयोग नहीं करने वाले और बिना वैध दस्तावेज के वाहन चला रहे चालकों पर कार्रवाई की गई।
यातायात थाना प्रभारी प्रेम सिंह ठाकुर ने बताया कि अभियान का उद्देश्य लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना और सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना है।
नियम तोड़ने वालों पर आगे भी रहेगी सख्ती
थाना प्रभारी ने कहा कि लापरवाही से वाहन चलाने पर दुर्घटना का खतरा बढ़ जाता है। खासकर बिना हेलमेट और बिना सीट बेल्ट वाहन चलाना जानलेवा साबित हो सकता है। उन्होंने बताया कि पुलिस लोगों को लगातार समझाइश भी दे रही है, लेकिन नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
यातायात पुलिस ने लोगों से दो पहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और चार पहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट लगाने की अपील की है। साथ ही वाहन के आवश्यक दस्तावेज साथ रखने और सभी यातायात नियमों का पालन करने को कहा है।

