नकली दूध और दुग्ध उत्पादों पर अंकुश लगाने तथा दूध की खरीद दर बढ़ाने की मांग को लेकर उदयपुर दुग्ध उत्पादक संगठन ने आंदोलन की चेतावनी दी है। मावली के नाहर मगरा स्थित धूणी माता मेला ग्राउंड में बुधवार को आयोजित बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि प्रशासन ने 15 दिन में मांगों का समाधान नहीं किया तो गौपालक दूध की आपूर्ति बंद कर देंगे। संगठन के संरक्षक नरेंद्र सिंह राणावत की अध्यक्षता में हुई बैठक में प्रशासन से दूध विक्रेता संघ और उत्पादक संगठन के बीच मध्यस्थता करवाकर दूध की दरों का स्थायी समाधान कराने की मांग की गई। बैठक में अगले 15 दिन में संगठन का पूरे जिले में विस्तार कर गांव-गांव के गौपालकों को जागरूक करने का भी निर्णय लिया गया। किसान नेता विष्णु पटेल ने कहा कि बाजार में नकली दूध के कारण असली दूध उत्पादकों को उचित कीमत नहीं मिल पा रही है। पशु आहार की बढ़ती कीमतों और सूखे चारे की कमी से भी गौपालकों की परेशानी बढ़ रही है। बैठक में मोहन नागदा, प्रेमचंद पटेल, मदनलाल डांगी, महेंद्र सिंह राणावत, रमेश पालीवाल और दिनेश गुर्जर सहित बड़ी संख्या में गौपालक मौजूद रहे।
Source link

