Live now
Last Updated:
Mock Drill Today Live Updates: जम्मू-कश्मीर से गुजरात तक ‘ऑपरेशन शील्ड’ के तहत मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया, जिसमें दुश्मन के विमानों, ड्रोन और मिसाइल हमलों का सामना करने का अभ्यास रिया गया.
पाकिस्तान से सटे राज्यों में मॉक ड्रिल कराया जा रहा है. (फाइल पोटो)
नई दिल्ली. जम्मू-कश्मीर से गुजरात तक पश्चिमी सीमा से सटे राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के सभी जिलों में शनिवार को मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया, जिसमें दुश्मन के विमानों, ड्रोन, मिसाइल हमलों का सामना करने का अभ्यास किया हुआ. फायरब्रिगेड सर्विस एवं होमगार्ड महानिदेशालय ने एक संदेश में बताया कि मॉक ड्रिल ‘ऑपरेशन शील्ड’ जम्मू-कश्मीर, पंजाब, राजस्थान, गुजरात, हरियाणा और चंडीगढ़ में संचालित की गई है.
‘ऑपरेशन सिंदूर’ शुरू होने से कुछ घंटे पहले सरकार ने देश भर में पहला नागरिक सुरक्षा अभ्यास आयोजित किया था. सूत्रों ने बताया कि नागरिक सुरक्षा अधिकारियों ने राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से अनुरोध किया है कि वे सभी स्थानीय प्रशासन और पक्षकारों को शामिल करते हुए अभ्यास की योजना बनाएं और शनिवार को उसका आयोजन करें.
आदेश में कहा गया, “स्थानीय प्रशासन के हितधारक और एनसीसी, एनएसएस, एनवाईकेएस, भारत स्काउट्स एंड गाइड्स जैसे युवा स्वयंसेवी, विभिन्न सेवाओं का संचालन करेंगे और दुश्मन के विमानों, ड्रोनों और मिसाइल हमलों की स्थिति में नागरिक सुरक्षा उपायों के कार्यान्वयन में नागरिक प्रशासन की सहायता करेंगे.”
Mock Drill Live Updates:
मॉक ड्रिल लाइव अपडेट: राजस्थान के जयपुर सहित कई शहरों में ‘मॉक ड्रिल’
नागरिक सुरक्षा की तैयारियों के आकलन के लिए ‘ऑपरेशन शील्ड’ के तहत शनिवार को राजस्थान की राजधानी जयपुर सहित कई शहरों में ‘मॉक ड्रिल’ की गई. जयपुर में हवाई हमले के परिदृश्य वाली मॉक ड्रिल आयोजित की गई. यह ड्रिल खातीपुरा के एक स्कूल भवन में हुई जहां आपातकालीन दलों ने बचाव अभियान का अभ्यास किया. नागरिक सुरक्षा और राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल की टीमों ने आपातकालीन प्रतिक्रिया प्रोटोकॉल के तहत काम करते हुए ‘घायलों’ को तुरंत पास के अस्पताल पहुंचाया. केंद्र सरकार के गृह मंत्रालय के निर्देशों के अनुसार राज्य के अन्य शहरों में भी ‘मॉक ड्रिल’ की गई.
मॉक ड्रिल लाइव अपडेट: फाजिल्का में शाम छह बजे हवाई हमले की चेतावनी का सायरन बजाया गया
पंजाब के सीमावर्ती जिले फाजिल्का में शाम छह बजे हवाई हमले की चेतावनी का सायरन बजाया गया, जिसके बाद अभ्यास शुरू हुआ. जलालाबाद के उपजिलाधिकारी कंवरजीत सिंह ने बताया कि इस तरह के अभ्यास का मुख्य उद्देश्य किसी भी आपात स्थिति के लिए खुद को तैयार रखना है. उन्होंने इस तरह के अभ्यास में लोगों की भागीदारी पर जोर देते हुए कहा कि जनता की भागीदारी से किसी भी आपात स्थिति से बेहतर तरीके से निपटा जा सकता है.
मॉक ड्रिल लाइव अपडेट: होशियारपुर में कुछ यूं हुआ ‘मॉक ड्रिल’
पंजाब के होशियारपुर में ‘मॉक ड्रिल’ एक काल्पनिक परिदृश्य पर आधारित था, जिसमें दुश्मन के ड्रोनों के झुंड ने एक सैन्य ठिकाने पर हमला किया, जिससे स्टेशन कमांडर को नागरिक प्रशासन से तत्काल सहायता मांगने के लिए मजबूर होना पड़ा. ड्रोन हमले के कारण मौके पर फंसे 20 लोगों को बचाने और सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने के लिए एक समन्वित प्रयास किया गया. उपायुक्त आशिका जैन ने अभ्यास के समापन पर कहा कि यह अभ्यास किसी भी संकट के दौरान प्रशासन के कुशल समन्वय और परिचालन तत्परता को सुनिश्चित करने के लिए सरकार की सक्रिय तैयारी रणनीति का हिस्सा था. उन्होंने स्पष्ट किया कि यह अभ्यास एक नियमित तैयारी का हिस्सा था और निवासियों में किसी प्रकार की कोई घबराहट थी. जैन ने कहा कि मॉक ड्रिल का प्राथमिक उद्देश्य आपात स्थितियों के लिए लोगों को मानसिक रूप से तैयार करना और निर्बाध अंतर-विभागीय समन्वय सुनिश्चित करना है. उन्होंने युवाओं से आधिकारिक दिशा-निर्देशों का पालन करने और जागरूकता अभियानों का सक्रिय रूप से समर्थन करने का आग्रह किया.
मॉक ड्रिल लाइव अपडेट: पंजाब और हरियाणा में ‘ऑपरेशन शील्ड’ अभियान के तहत की गई मॉक ड्रिल
पंजाब और हरियाणा के अधिकारियों ने शनिवार को आपात स्थिति के मद्देनजर तैयारियों और प्रतिक्रिया क्षमता को बढ़ाने के लिए ‘ऑपरेशन शील्ड’ अभियान के तहत मॉक ड्रिल की. शनिवार शाम को शुरू हुए इस अभ्यास के दौरान दोनों दोनों राज्यों के सभी जिलों में आपात स्थिति का अनुकरण किया गया. ‘मॉक ड्रिल’ के दौरान स्वयंसेवकों द्वारा घायलों को स्ट्रेचर पर एम्बुलेंस में ले जाने और आग बुझाने का अभ्यान करते हुए देखा गया’. इस अभ्यास का उद्देश्य वास्तविक समय की स्थितियों में आपात प्रतिक्रिया तंत्र की प्रभावकारिता का मूल्यांकन करना और उसे बढ़ाना था.
मॉक ड्रिल लाइव अपडेट: ऑपरेशन शील्ड के तहत बारामुला में हुआ मॉक ड्रिल
ऑपरेशन शील्ड के तहत आज उत्तरी कश्मीर के बारामुला में मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया. मॉक ड्रिल में एसडीआरएफ, सिविल डिफेंस टीम, स्वास्थ्य विभाग, अग्निशमन एवं आपातकालीन विभाग की टीम और एनसीसी कैडेट्स ने हिस्सा लिया. मॉक ड्रिल का मुख्य उद्देश्य किसी भी तरह की युद्ध जैसी स्थिति के लिए तैयार रहना था.
मॉक ड्रिल लाइव अपडेट: राजस्थान में मॉक ड्रिल और ब्लैक आउट आज
राजस्थान में नागरिक सुरक्षा सुदृढ़ करने एवं इसका आकलन करने के लिए ‘ऑपरेशन शील्ड’ के तहत ‘मॉक ड्रिल’ और ‘ब्लैक आउट’ शनिवार को होगा. राज्य के मुख्य सचिव सुधांश पंत ने इसकी तैयारियों को लेकर शुक्रवार को उच्च अधिकारियों के साथ बैठक की. इसमें उन्होंने सायरन प्रणाली को दुरुस्त रखने व ‘रिस्पॉन्स’ टाइम को कम करने को कहा. आधिकारिक बयान के अनुसार, पंत ने कहा कि अधिकारी सभी संचार माध्यमों एवं सायरन प्रणाली को दुरुस्त कर संचार प्रणाली का सुदृढ़ीकरण सुनिश्चित करें.

