पूर्णिया के धमदाहा में पिकअप ने बाइक सवार दो लोगों को टक्कर मार दी। दोनों बाइक सवार सड़क पर गिर गए। हादसे में एक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल है। हादसे के बाद पिकअप फरार हो गया। मृतक की पहचान धमदाहा निवासी सुरेश पासवान के रूप में हुई है। वहीं, घायल दिलीप पासवान की हालत गंभीर बनी हुई है। दोनों आपस में रिश्तेदार बताए जा रहे हैं। स्थानीय लोगों ने पहुंचाया अस्पताल परिजन ने बताया कि दिलीप पासवान अपनी बाइक से सुरेश पासवान को किसी जरूरी काम से छोड़ने जा रहे थे। दोनों जैसे ही धमदाहा घाट के पास पहुंचे, पीछे से आ रही तेज रफ्तार पिकअप ने बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही दोनों सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत परिजनों को सूचना दी और दोनों घायलों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया।
एक को हायर सेंटर रेफर किया गया है डॉक्टरों ने शुरुआती जांच के बाद दोनों को बेहतर इलाज के लिए जीएमसीएच पूर्णिया रेफर कर दिया। जीएमसीएच में जांच के दौरान डॉक्टरों ने सुरेश पासवान को मृत घोषित कर दिया। वहीं दिलीप पासवान की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें हायर सेंटर भेज दिया गया, जहां उनका इलाज जारी है। सुरेश पासवान की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। सूचना मिलते ही धमदाहा थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम में जुट गई है। पुलिस ने अज्ञात पिकअप चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। वाहन और चालक की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
Source link

