- Hindi News
- National
- Pune Ketan Agarwal Trekking Death Mystery; Siya Goyal Chetan Chaudhary | Lohagad Fort
पुणे8 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
पुणे में इंदौर के राजा रघुवंशी हत्याकांड जैसा मामला सामने आया है। बिजनेसमैन केतन विशाल अग्रवाल की मौत के मामले में पुलिस ने मंगलवार को उसकी मंगेतर सिया गोयल (20) और उसके प्रेमी चेतन चौधरी (22) को गिरफ्तार किया। दोनों पर प्लानिंग के तहत केतन की हत्या का आरोप है।
केतन 18 जून को अपने मंगेतर सिया के साथ पुणे के लोहागढ़ किले पर ट्रेकिंग के लिए गए थे। बाद में उनका शव खाई से बरामद हुआ। पुलिस के अनुसार, सिया और उसके प्रेमी ने केतन को किले से 400 फीट गहरी खाई में धक्का दिया था। बाद में इसे हादसा बताने की कोशिश की।
इंदौर के राजा रघुवंशी की हत्या भी उनकी पत्नी सोनम रघुवंशी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर शिलॉन्ग में गहरी खाई में धक्का देकर की थी। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। सोनम फिलहाल जमानत पर बाहर है।

सर्च ऑपरेशन के बाद केतन को खाई में ढूंढा गया, लेकिन अस्पताल में डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया था।
केतन रियल एस्टेट कारोबारी थे, सिया व्यापारी की बेटी
26 साल के केतन पुणे जिले के गहुंजे के रहने वाले थे और परिवार के रियल एस्टेट कंपनी में डायरेक्टर थे। वहीं सिया पुणे के एक मसाला व्यापारी की बेटी है। दोनों की इस साल नवंबर में राजस्थान के उदयपुर स्थित एक शाही पैलेस में शादी होने वाली थी।
यह शादी दोनों के परिवारों ने तय की थी। घर में तैयारियां भी शुरू थीं। मेहमानों के लिए दो चार्टर्ड प्राइवेट विमान की व्यवस्था भी की गई थी। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, शादी पर परिवार करीब ₹17 करोड़ खर्च करने वाला था।
प्री-बर्थडे सेलिब्रेट करने किले पर गए थे, पुलिस के 3 खुलासे
- पुणे ग्रामीण पुलिस के एसपी संदीप सिंह गिल के अनुसार, केतन 18 जून की सुबह अपनी मंगेतर के साथ उसका प्री-बर्थडे सेलिब्रेट करने के लिए लोहागढ़ किले पर गए थे। सुबह करीब 10:30 बजे वे खाई में गिरे।
- स्थानीय लोगों, पुलिस और रेस्क्यू टीम ने उसी दिन केतन का शव बरामद कर लिया था। शुरुआत में पुलिस ने बताया था कि केतन लोहागढ़ किले पर तेज हवा के बीच फोटो खींचते समय खाई में गिर गए।
- मंगेतर सिया ने बताया था कि केतन का पैर फिसल गया और वह खाई में गिर गए। उसके बयान के आधार पर पुलिस ने आकस्मिक मौत (ADR) का मामला दर्ज किया था। हालांकि, मौत की परिस्थितियां संदिग्ध लग रही थीं।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, केतन और सिया शादी से पहले बाली (इंडोनेशिया) घूमने जाने वाले थे।
शादी नहीं करना चाहती थी सिया, प्रेमी के साथ प्लान बनाया
पुलिस को जांच में पता चला कि सिया गोयल का पुणे के कोंढवा निवासी चेतन चौधरी के साथ प्रेम संबंध था। सिया, केतन से शादी नहीं करना चाहती थी और उसे लगता था कि केतन उसके और चेतन के रिश्ते में रुकावट बन गया है।
पुलिस के अनुसार, दोनों ने मिलकर केतन की हत्या की साजिश रची। प्लानिंग के तहत सिया, केतन को घूमने के बहाने लोहागढ़ किले पर ले गई। बाद में चेतन को भी वहां बुलाया गया। इसके बाद दोनों ने केतन को किले से नीचे धक्का दे दिया।

CCTV में केतन की मौत से ठीक पहले चेतन चौधरी लोहागढ़ किले पर जाता हुआ दिखा।
चेतन से पूछताछ के बाद सिया गिरफ्तार हुई
शक के आधार पर स्थानीय क्राइम ब्रांच ने चेतन को हिरासत में लिया। चेतन से पूछताछ के बाद सिया गोयल को भी गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने बताया कि केतन के पिता विशाल अग्रवाल की शिकायत पर मंगलवार को हत्या और आपराधिक साजिश का मामला दर्ज किया गया।
पुलिस अब घटनाक्रम की पूरी कड़ी जोड़ने, फोरेंसिक साक्ष्य जुटाने और यह पता लगाने में जुटी है कि साजिश में कोई और भी शामिल था या नहीं। लोहागढ़ किला मराठा साम्राज्य के संस्थापक छत्रपति शिवाजी महाराज के इतिहास से जुड़ा हुआ है। यह महाराष्ट्र के 12 यूनेस्को विश्व धरोहर किलों में शामिल है।


