बिहार की सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत को नई पहचान देने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। सीतामढ़ी का पुनौरा धाम, माता सीता की जन्मस्थली माना जाता है। वहां अब भव्य जानकी मंदिर का निर्माण किया जाएगा।
.
सीतामढ़ी के पुनौरा धाम में बनेगा भव्य जानकी मंदिर
नीतीश कुमार ने साझा किया परियोजना का डिजाइन
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने खुद इस परियोजना का डिजाइन सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर साझा किया। उन्होंने बताया कि मंदिर निर्माण त्रैतीय वास्तुशिल्प शैली में किया जाएगा। इसके लिए ट्रस्ट का गठन भी कर दिया गया है, जिससे निर्माण कार्य में तेजी लाई जा सके।
मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में कहा, “हम सभी इस पावन स्थल पर भव्य मंदिर निर्माण शीघ्र पूरा कराने हेतु कृतसंकल्पित हैं।”

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने परियोजना का डिजाइन सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर साझा किया।
67 एकड़ में फैलेगा प्रोजेक्ट, यह होंगी प्रमुख सुविधाएं
फिलहाल पुनौरा धाम लगभग 17 एकड़ में फैला हुआ है। परियोजना के लिए 50 एकड़ अतिरिक्त भूमि का अधिग्रहण किया जा रहा है। इस तरह कुल 67 एकड़ भूमि पर यह भव्य धार्मिक परिसर विकसित किया जाएगा। परियोजना में सिर्फ मुख्य मंदिर ही नहीं, बल्कि सीता वाटिका, लव-कुश वाटिका, प्रदर्शनी केंद्र, कैफेटेरिया, बच्चों का खेल क्षेत्र, पार्किंग, और अन्य धार्मिक व सांस्कृतिक संरचनाएं भी शामिल होंगी।

कुल 67 एकड़ भूमि पर भव्य धार्मिक परिसर विकसित किया जाएगा।
राम मंदिर के डिजाइनर को मिली जिम्मेदारी
इस मंदिर का डिज़ाइन प्रसिद्ध वास्तुकार पियूष सोमपुरा तैयार कर रहे हैं, जो अयोध्या के राम मंदिर के डिज़ाइन में भी योगदान दे चुके हैं। मंदिर में मकराना पत्थर का इस्तेमाल होगा और इसकी गर्भगृह, परिक्रमा पथ और ऊंचाई भी अत्यंत भव्य होगी।

माता जानकी मंदिर का डिजाइन राम मंदिर के डिजाइनर पियूष सोमपुरा तैयार कर रहे हैं।
24 महीने में पूरा होगा निर्माण
परियोजना पर ₹120.58 करोड़ का बजट तय किया गया है। निर्माण कार्य की ज़िम्मेदारी महावीर मंदिर न्यास, पटना को दी गई है। सरकार ने इसे 24 महीने के भीतर पूरा करने का लक्ष्य रखा है। यह मंदिर बिहार के धार्मिक पर्यटन को एक नई ऊंचाई देगा और मां जानकी की जन्मस्थली को वैश्विक पहचान दिलाएगा।

माता जानकी मंदिर बिहार के धार्मिक पर्यटन को एक नई ऊंचाई देगा।