उवैस चौधरी | इटावा3 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
सपा महासचिव शिवपाल सिंह यादव ने सपा से निकाली गईं विधायक पूजा पाल को लेकर कहा कि इनका हाल भी केशव मौर्य जैसा होगा। अब यह कभी दोबारा विधायक नहीं बन पाएंगी। शिवपाल ने कहा कि पूजा पाल को पार्टी अनुशासन का पालन करना चाहिए था।
शिवपाल ने डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य का उदाहरण देते हुए कहा- केशव मौर्य ने सांसद और विधायक, दोनों पद गंवाए थे। उसी तरह पूजा पाल अब कभी विधायक नहीं बन पाएंगी। हाल ही में सपा ने पूजा पाल को पार्टी विरोधी गतिविधियों के आरोप में निष्कासित किया है।
शिवपाल ने सीएम पर निशाना साधते हुए कहा कि योगी अनाप-शनाप और झूठ बोलते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने पिछले आठ सालों में अपने किसी भी वादे को पूरा नहीं किया। किसानों की समस्याएं, बिजली संकट, भ्रष्टाचार और बेरोजगारी चारों ओर फैली हुई हैं। उन्होंने कहा- प्रदेश को नौकरशाही के भरोसे छोड़ दिया गया है।

शिवपाल ने सीएम पर निशाना साधते हुए कहा कि योगी अनाप-शनाप और झूठ बोलते हैं।
स्वतंत्रता दिवस पर सपा के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव ने जिला सहकारी बैंक में राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इस मौके पर सपा प्रतिनिधियों और बैंक कर्मियों ने स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धांजलि दी। कार्यक्रम के बाद शिवपाल ने पूजा पाल और सीएम योगी पर सीधा हमला बोला।

स्वतंत्रता दिवस पर सपा के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव ने जिला सहकारी बैंक में राष्ट्रीय ध्वज फहराया।
शिवपाल की 4 बड़ी बातें
1. PDA वर्ग से घबराती है भाजपा
शिवपाल ने भाजपा पर PDA वर्ग से घबराने का आरोप लगाते हुए कहा कि यह लोग वोट कटवाने से लेकर राजनीतिक बेईमानी तक कर रहे हैं। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से अपील की कि आने वाले चुनावों में एकजुट होकर जनता के बीच जाएं और भाजपा की नाकामियों को उजागर करें।
2. बीजेपी पर वादाखिलाफी का आरोप
शिवपाल ने कहा- भाजपा ने चुनाव में बेरोजगारी खत्म करने, हर साल 2 करोड़ नौकरियां देने, भ्रष्टाचार मिटाने, काला धन लाने और हर व्यक्ति को 15-15 लाख देने का वादा किया था, लेकिन एक भी वादा पूरा नहीं हुआ। उन्होंने आरोप लगाया- ये लोग सिर्फ झूठ बोलते हैं। यूपी के मुख्यमंत्री पहले साल एक घंटा, दूसरे साल 2 घंटे और तीसरे साल 3 घंटे झूठ बोलते हैं, लेकिन काम कुछ नहीं।

शिवपाल ने कहा- 2047 विजन को लेकर उन्होंने कहा कि भाजपा सिर्फ खोखले नारे और सपने दिखा रही है।
3. स्मार्ट सिटी को बताया खोखला दावा
उन्होंने कहा- इटावा में गंदगी का हाल देख लीजिए। लखनऊ में 2 दिन की बारिश में सड़कों पर गड्ढे और जलभराव हो जाता है। विधानसभा के 5 किलोमीटर क्षेत्र में हालात खराब हैं। हमारी सरकार में बनी चौड़ी सड़कें और लोहिया पथ आज भी मिसाल हैं, लेकिन अब वहां धूल उड़ रही है। शिवपाल ने कहा- पूरे प्रदेश में गंदगी और गड्ढों वाली सड़कें हैं, जिनकी वजह से दुर्घटनाएं होती हैं। भाजपा केवल चुनाव के वक्त नए-नए झूठ पेश करती है।
4. भाजपा सिर्फ खोखले नारे और सपने दिखा रही
2047 विजन को लेकर उन्होंने कहा कि भाजपा सिर्फ खोखले नारे और सपने दिखा रही है। इस विजन पर कोई ठोस योजना नहीं है। जनता अब इनके छलावे को समझ चुकी है। 2027 के चुनाव में समाजवादी पार्टी नंबर वन पर होगी और भाजपा को सत्ता से बाहर का रास्ता दिखा देगी।
———————————————————————————-
ये खबर भी पढ़ेंः-
पूजा पाल ने पाप का कीर्तिमान बनाया-अफजाल अंसारी:अखिलेश का बैरिकेडिंग फांदना भगत सिंह की याद दिलाता है

गाजीपुर से सपा सांसद अफजाल अंसारी ने अखिलेश यादव की तुलना शहीद भगत सिंह से की। कहा- SIR विरोध प्रदर्शन के दौरान अखिलेश का बैरिकेडिंग फांदना भगत सिंह की याद दिलाता है। जिस तरह भगत सिंह ने अंग्रेजों की संसद में धुआं छोड़ने वाला बम फेंककर विरोध जताया था, वैसे ही इंकलाब अखिलेश यादव ने किया। पढ़ें पूरी खबर…

