बिजनौर में एक युवक की गला घोंटकर हत्या किए जाने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस जांच में हत्या की वजह प्रेम प्रसंग सामने आई है। वहीं फरार तीसरे आरोपी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर परिजन और ग्रामीण कोतवाली पहुंचे। मामला धामपुर थाना क्षेत्र के गांव पाडली मांडू का है। जानकारी के अनुसार, शुभम सैनी (25) 31 मई की सुबह खेत पर जाने के लिए घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। काफी तलाश के बाद भी उसका कोई पता नहीं चला। इसके बाद 2 जून को उसके पिता ओमप्रकाश ने कोतवाली धामपुर में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। कब्रिस्तान के पास नहर से शुभम का शव बरामद जांच के दौरान पुलिस ने दो संदिग्ध युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। उनकी निशानदेही पर बुधवार रात गांव के बाहर कब्रिस्तान के पास नहर से शुभम का शव बरामद किया गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शव मिलने की सूचना पर परिजन और ग्रामीण बड़ी संख्या में कोतवाली पहुंचे और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। क्षेत्राधिकारी अभय पांडे ने बताया कि मृतक के पिता की तहरीर पर वीरेंद्र सैनी, उसके बेटे अंकुश सैनी और चचेरे भाई गौरव सैनी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने अंकुश और गौरव को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि वीरेंद्र सैनी फरार है।
आरोपियों के मन में रंजिश पुलिस जांच में सामने आया है कि शुभम का आरोपी अंकुश सैनी की पत्नी के साथ प्रेम प्रसंग था। बताया जा रहा है कि 22 मई को दोनों को परिजनों ने आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया था, जिसके बाद मामला पूरे गांव में चर्चा का विषय बन गया था। इस संबंध में गांव में पंचायत भी हुई थी और समझौता करा दिया गया था, लेकिन आरोपियों के मन में रंजिश बनी रही। पुलिस के अनुसार, 31 मई की सुबह जब शुभम खेत की ओर जा रहा था, तभी आरोपियों ने उसे रास्ते में रोक लिया। आरोप है कि उसका गला घोंटकर हत्या कर दी गई और शव को नहर के पास फेंक दिया गया, ताकि घटना को छिपाया जा सके। शुक्रवार को मृतक के परिजनों के साथ बड़ी संख्या में ग्रामीण धामपुर कोतवाली पहुंचे और फरार आरोपी वीरेंद्र सैनी की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपी की तलाश में दबिश दी जा रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
Source link
प्रेम-प्रसंग में युवक की गला घोंटकर हत्या, दो आरोपी गिरफ्तार: तीसरे की गिरफ्तारी की मांग को लेकर ग्रामीणों ने कोतवाली घेरा – Bijnor News
RELATED ARTICLES

