राम चंद्र सैनी | फतेहपुर3 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
फतेहपुर में रिंद नदी में डूबा किशोर, मौत।
फतेहपुर के बकेवर थाना क्षेत्र के केवटरा जगदीशपुर निवासी मोनू निषाद (15) बुधवार को नदी में डूब गया। वह अपनी नानी के घर जहानाबाद थाना क्षेत्र के भैरमपुर गांव आया हुआ था।
दोपहर करीब 3 बजे मोनू एक साथी के साथ रिंद नदी में नहाने गया। मोनू नदी में नहा रहा था जबकि उसका दोस्त किनारे पर खड़ा था। अचानक मोनू गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। उसका साथी मदद के लिए चिल्लाता हुआ भागा।

आसपास चरवाहे थे, जिन्होंने शोर सुनकर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने गोताखोरों की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। शाम तक काफी प्रयास के बाद भी मोनू का शव नहीं मिल पाया। इस बीच उसके परिजन भी मौके पर पहुंच गए।
थाना प्रभारी सत्यपाल सिंह ने बताया कि किशोर की तलाश के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए थे।

