फर्रुखाबाद5 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
फर्रुखाबाद में अवैध खनन और ओवरलोड परिवहन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। संयुक्त जांच अभियान में तीन डंपर ओवरलोड पाए गए, जिन पर कुल 1 लाख 46 हजार 840 रुपए का जुर्माना लगाया गया। यह कार्रवाई जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर के निर्देश पर की गई।
मोहम्मदाबाद से सेंट्रल जेल मार्ग के बीच एआरटीओ प्रवर्तन और खनन अधिकारी की संयुक्त टीम ने औचक छापेमारी अभियान चलाया। इस दौरान गिट्टी और मोरम से लदे तीन डंपरों की जांच की गई।
जांच में पाया गया कि वाहनों में परिवहन प्रपत्रों में दर्ज मात्रा से अधिक उपखनिज का परिवहन किया जा रहा था। इस पर खनन विभाग ने ऑनलाइन नोटिस जारी करते हुए मौके पर ही 56,840 रुपये का जुर्माना वसूला।

इसके अलावा परिवहन विभाग ने निर्धारित मानकों से अधिक माल लदे होने पर तीनों वाहनों के खिलाफ ओवरलोडिंग का चालान किया। इस कार्रवाई में कुल 90,000 रुपये का अतिरिक्त जुर्माना लगाया गया, जिसकी राशि भी मौके पर जमा करा ली गई।
जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि जनपद में अवैध खनन और अवैध परिवहन में शामिल लोगों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई जारी रखी जाए। उन्होंने संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित संयुक्त प्रवर्तन अभियान चलाने और निगरानी बढ़ाने के निर्देश भी दिए।
प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि यदि कहीं अवैध खनन या ओवरलोड परिवहन की जानकारी मिले तो इसकी सूचना तुरंत संबंधित विभाग या प्रशासन को दें, ताकि समय रहते कानूनी कार्रवाई की जा सके।


