बांका जिले के रजौन प्रखंड अंतर्गत धौनी रेलवे स्टेशन परिसर में गुरुवार की संध्या कविगुरु एक्सप्रेस और पटना-दुमका एक्सप्रेस के ठहराव की मांग को लेकर धौनी रेलवे संघर्ष समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता समिति के अध्यक्ष सिकंदर यादव ने की। बैठक में सत्यनारायण सिंह, प्रमोद सिंह वेल्डन, जीवन प्रसाद सिंह, मंगल सिंह, वीरेंद्र कुमार यादव, विष्णु देव ठाकुर, विमलेंदु भूषण समेत कई लोग मौजूद रहे। बैठक के दौरान संघर्ष समिति के सदस्यों ने ट्रेनों के ठहराव में हो रही देरी पर नाराजगी जताई। समिति के सदस्य विष्णु देव कापड़ी ने बताया कि हाल ही में पूर्व रेलवे मालदा डिवीजन के डीआरएम से मुलाकात की गई थी। अंतिम निर्णय जीएम स्तर से ही लिया जाएगा
डीआरएम ने जानकारी दी कि संघर्ष समिति की मांगों को पूर्व रेलवे के महाप्रबंधक (जीएम) हावड़ा के पास अनुमोदन के लिए भेज दिया गया है और अंतिम निर्णय जीएम स्तर से ही लिया जाएगा। इसी को लेकर बैठक में स्थानीय सांसद के साथ पूर्व रेलवे महाप्रबंधक से मिलने की रणनीति पर चर्चा की गई। संघर्ष समिति के सदस्यों ने कहा कि करीब दो महीने पहले पूर्व रेलवे के महाप्रबंधक ने प्रायोगिक तौर पर कविगुरु एक्सप्रेस और पटना-दुमका एक्सप्रेस के धौनी स्टेशन पर ठहराव का आश्वासन दिया था, लेकिन अब तक इस पर अमल नहीं हो सका है। इससे क्षेत्र के लोगों को काफी परेशानी हो रही है। धौनी, रजौन समेत आसपास के कई प्रखंडों के यात्रियों को इन ट्रेनों को पकड़ने के लिए लंबी दूरी तय कर दूसरे रेलवे स्टेशन जाना पड़ता है। समिति ने कहा कि यदि जल्द ही ट्रेनों का ठहराव शुरू नहीं हुआ तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
Source link

