सीहोर जिले में किसानों ने बुधवार को सोयाबीन फसल बीमा को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। पीपलनेर और आसपास के गांवों के किसानों ने खराब सोयाबीन की फसल हाथों में लेकर लंबी रैली निकाली और सड़क पर धरना दिया।
.
किसानों का कहना है कि पिछले 5 वर्षों से लगातार सोयाबीन की फसल खराब हो रही है। इस साल भी फसल को नुकसान हुआ है। लेकिन न तो बीमा कंपनी ने राशि दी और न ही कृषि विभाग ने कोई सर्वे कराया।
समाजसेवी एमएस मेवाड़ा के नेतृत्व में किसान पिछले एक सप्ताह से विभिन्न गांवों की नदियों में जल सत्याग्रह कर रहे हैं। मंगलवार को किसानों ने कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर एसडीएम और डिप्टी कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने बीमा राशि देने और खराब फसल का सर्वे कराने की मांग की।
ज्ञापन देने के बाद भी जब न तो बीमा कंपनी और न ही कृषि विभाग के अधिकारी पीपलनेर पहुंचे, तब किसानों ने विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने सरकार से बीमा राशि और फसल नुकसान की राहत राशि देने की मांग की।


