कटनी जिले के बड़वारा ग्राम में हुई एक घंटे की बारिश ने ग्राम पंचायत और लोक निर्माण विभाग के विकास दावों की पोल खोलकर रख दी है। पहली ही तेज बारिश का पानी ग्रामीणों के घरों में घुस गया, जिससे पूरा जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। इस बारिश से सबसे ज्यादा प्रभावित बड़वारा ग्राम का इमामबाड़ा क्षेत्र रहा। यहां जलजमाव के कारण हालात इस कदर बिगड़े कि इमामबाड़ा निवासी जान मोहम्मद के घर में घुटनों से ऊपर तक पानी भर गया, जिससे परिवार को संभलने तक का मौका नहीं मिला। पीड़ित ने बताया कि नाली निर्माण में गड़बड़ी और लंबे समय से सफाई न होने के कारण यह नौबत आई है। पानी भरने से उनके घर में रखा पूरा अनाज बर्बाद हो गया और बच्चों की स्कूल की कॉपी-किताबें पानी में तैरती मिलीं, जिससे परिवार को बड़ा आर्थिक नुकसान हुआ है। प्रशासन की लापरवाही पर फूटा ग्रामीणों का गुस्सा ग्रामीणों का आरोप है कि यह स्थिति प्रशासनिक उदासीनता का नतीजा है। मानसून की शुरुआत से पहले ही स्थानीय सरपंच और पंचायत प्रशासन से नाली निर्माण को ठीक करने और जल निकासी की व्यवस्था करने की गुहार लगाई गई थी, लेकिन समय रहते इस पर कोई ध्यान नहीं दिया गया। पंचायत और अधिकारियों का पक्ष बड़वारा की सरपंच सुनैना सिंह ने बताया कि संबंधित नाली का निर्माण लोक निर्माण विभाग ने कराया था, जिसमें पानी की निकासी की कोई ठोस व्यवस्था नहीं थी। उन्होंने कहा कि पंचायत ने मानसून से पहले ही पीडब्ल्यूडी विभाग को पत्र लिखकर व्यवस्था सुधारने का आग्रह किया था। पंचायत स्तर पर हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं। क्षेत्रीय अधिकारी विवेक श्रीवास्तव ने कहा कि बड़वारा ग्राम में जलभराव की सूचना मिली है। मामले को गंभीरता से लेते हुए तकनीकी टीम मौके पर पहुंचेगी। स्थल निरीक्षण कर जलभराव की इस समस्या का स्थाई और त्वरित निराकरण किया जाएगा।
Source link
बड़वारा में पहली तेज बारिश, घरों में घुसा पानी: नाली निर्माण में गड़बड़ी और लंबे समय से सफाई न होने से बढ़ी परेशानी – Katni News
RELATED ARTICLES

