प्याज का अचार क्यों है खास
यह अचार उन लोगों के लिए परफेक्ट है जो लंबे समय तक चलने वाले अचार की जगह ताजे और झटपट बनने वाले अचार को पसंद करते हैं. इसमें किसी तरह का केमिकल या प्रिजर्वेटिव नहीं होता, इसलिए यह सेहत के लिए भी बेहतर है.
प्याज का अचार बनाने के लिए सबसे पहले छोटी-छोटी प्याज (शलोट्स) या गोल प्याज लें. इन्हें छीलकर साफ पानी से धो लें और कपड़े से पोंछकर पूरी तरह सुखा लें. एक बड़े बर्तन में प्याज डालें और उसमें सरसों का तेल, नमक, लाल मिर्च पाउडर, हल्दी, अजवाइन और सिरका डालें.
आमतौर पर एक किलो प्याज में लगभग 150 मिलीलीटर सरसों का तेल, 2-3 चम्मच नमक, 2 चम्मच लाल मिर्च पाउडर, आधा चम्मच हल्दी और एक चम्मच अजवाइन पर्याप्त होती है. सिरका स्वाद और अचार को लंबे समय तक सुरक्षित रखने में मदद करता है. किरन पांडे बताती हैं कि कुछ लोग स्वाद बढ़ाने के लिए इसमें थोड़ा गुड़ या नींबू का रस भी डालते हैं. गुड़ से इसमें हल्की मिठास आती है, जबकि नींबू का रस इसे और भी खट्टा-चटपटा बना देता है.
सभी सामग्री को अच्छे से मिलाकर कांच के जार में भरें और 1-2 दिन धूप में रख दें ताकि मसालों का स्वाद प्याज में अच्छी तरह उतर जाए. हालांकि चाहें तो इसे तुरंत भी खाया जा सकता है, लेकिन धूप में रखने से इसका स्वाद और भी गहरा और लाजवाब हो जाता है.
प्याज का अचार पराठे, दाल-चावल, पूरी-सब्जी या साधारण रोटी के साथ भी बेहतरीन लगता है. इसकी खट्टा-तीखी स्वादिष्टता हर थाली का आकर्षण बढ़ा देती है.
प्याज का अचार गर्मियों में शरीर को ठंडा रखता है और पाचन को बेहतर बनाता है. प्याज में मौजूद प्राकृतिक तत्व शरीर को हाइड्रेटेड रखते हैं, जबकि अजवाइन और सरसों का तेल पाचन में मदद करते हैं. बरसात या सर्दियों में यह शरीर को गर्म रखने और भूख बढ़ाने में भी मदद करता है.

