.
आज की सबसे बड़ी खबर आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव को लेकर रही। भोजपुर में पूर्व विधायक अरुण यादव के पिता की दूसरी पुण्यतिथि में पहुंचे राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव का लौंडा डांस के साथ स्वागत किया गया।चलिए सिलसिलेवार पढ़ते हैं, बिहार दिनभर में क्या कुछ खास रहा…
टॉप 15 खबरें…
1- भोजपुर में लालू यादव के वेलकम में लौंडा डांस
भोजपुर में पूर्व विधायक अरुण यादव के पिता की दूसरी पुण्यतिथि में पहुंचे राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव का लौंडा डांस के साथ स्वागत किया गया। इस दौरान वहां बैंड बाजों के साथ किन्नरों ने जमकर ठुमके लगाए। दरअसल, लालू शनिवार को जिले के अगिआंव गांव पहुंचे थे, जहां उन्होंने स्व. भुनेश्वर सिंह यादव की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी। इसके बाद उन्होंने हवन-पूजन में भाग लिया। हवन कुंड में आहुति देकर लालू प्रसाद यादव ने दिवंगत नेता की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। पुण्यतिथि के मौके पर गांव में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। पूरी खबर पढ़ें
2- हाय तू और तोहर प्यार…लिखकर बगहा में युवक ने किया सुसाइड
बगहा में शुक्रवार देर रात 23 साल के एक युवक ने गर्लफ्रेंड के साथ 20 सेकेंड का वीडियो डालकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान ज्याउल खान के बेटे शेयज खान के रूप में हुई है। शेयज खान की शादी 2 महीने पहले हुई थी। बताया जा रहा है कि उसका गांव की ही एक लड़की से अफेयर चल रहा था। उससे शादी नहीं होने की वजह से वो तनाव में रहता था। मामला कोल्हुआ चौतरवा पंचायत के वार्ड संख्या-1 का है। चौतरवा पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए बगहा अनुमंडलीय अस्पताल भेज दिया है। पूरी खबर पढ़ें
3- RJD सांसद बोले- दो गुजराती सबसे बड़े भ्रष्टाचारी
गयाजी में आरजेडी सांसद सुरेंद्र यादव ने बीजेपी और एनडीए पर जमकर निशाना साधा है। स्वतंत्रता दिवस के दिन शुक्रवार को अपने आवास पर ध्वजारोहण के बाद उन्होंने कहा कि आजादी की लड़ाई हिंदू, मुस्लिम, सिख सभी ने मिलकर लड़ी थी। लेकिन आज वही ताकतें सक्रिय हैं, जो अंग्रेजों के लिए काम करती थी। इस दौरान उनकी जुबान फिसली। उन्होंने 79वें स्वतंत्रता दिवस को 79वां बताया। साथ ही नाथूराम गोडसे को नाथूराम ‘गॉड’ कहा। आरजेडी सांसद ने कहा कि आज देश में दो लोग बेच रहे हैं और दो लोग खरीद रहे हैं। देश के सभी बड़े घोटालेबाज गुजरात से रहे हैं। पूरी खबर पढ़ें
4- सासाराम में राहुल गांधी की सभा की जगह बदली गई
सासाराम से 17 अगस्त से महागठबंधन की वोट अधिकार यात्रा की शुरुआत हो रही है। RJD सांसद सुधाकर सिंह ने आरोप लगाया है कि ‘प्रशासन सरकार के दबाव में काम कर रहा है। राहुल गांधी को सभा और हेलिकॉप्टर लैंडिंग की परमिशन नहीं दी जा रही है।’ वहीं DM उदिता सिंह ने बताया कि ‘ऐसा कुछ नहीं है, उन्हें परमिशन दी गई है। सिर्फ सभा और हेलिकॉप्टर लैंडिंग की जगह को बदला गया है। ताकि व्यवस्थाओं में हमें परेशानी ना हो और लोगों को भी दिक्कत का सामना ना करना पड़े।’ पूरी खबर पढ़ें
5- गोपालगंज में शराब तस्करों के हमले में जवान की मौत
गोपालगंज में शनिवार सुबह शराब तस्करों के हमले में होमगार्ड जवान की मौत हो गई। जवान अभिषेक शर्मा (30) बाइक से पेट्रोलिंग कर रहे थे। इसी दौरान तस्करों ने उनकी गाड़ी को दूसरी बाइक से उड़ा दिया। वे कुचायकोट थाना क्षेत्र के बंगाल खाड़ गांव के रहने वाले थे। अभिषेक 2019 से उत्पाद विभाग में होमगार्ड जवान के रूप में तैनात थे। बताया जा रहा है कि शराब तस्करी की सूचना पर जितेंद्र कुमार के साथ बाइक पर अभिषेक शर्मा छापेमारी करने निकले थें। पूरी खबर पढ़ें

6- मुंगेर में चेहल्लुम के जुलूस में लहराया फिलिस्तीनी झंडा
मुंगेर में दो दिवसीय चेहल्लुम पर्व का समापन हो गया। जिला मुख्यालय के विभिन्न थाना क्षेत्रों से 100 से अधिक ताजिया जुलूस और झांकियां निकलीं। ताजिया जुलूस के दौरान अखाड़ा दल के सदस्यों ने हैरत अंगेज करतब दिखाए। शनिवार सुबह कासिम बाजार थाना क्षेत्र के कर्बला स्थित ईदगाह में जुलूस का समापन हुआ। विसर्जन कमेटी ने प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले कमेटी सदस्यों को मोमेंटो और मेडल से सम्मानित किया। जुलूस के दौरान जिला मुख्यालय के मुख्य बाजार में कुछ युवकों ने फिलिस्तीन का झंडा लहराया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। पूरी खबर पढ़ें
7- गिरिराज सिंह ने राहुल-तेजस्वी को बताया नौटंकीबाज
बेगूसराय में केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कांग्रेस सांसद राहुल गांधी और बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव को नौटंकीबाज बताया है। गिरिराज सिंह ने इन दोनों नेताओं पर निशाना साधते हुए कहा कि सत्ता के लिए ये लोग व्याकुल हैं। रोहिंग्या मुसलमान और बांग्लादेशी मुसलमान के हाथ में देश का सौंपना चाहते हैं। नाम वोटर लिस्ट में शामिल करवाना चाहते हैं। इसलिए बिहार में नौटंकी कर रहे हैं। दोनों युवराज जेल जाएंगे। गिरिराज सिंह ने कहा कि राहुल गांधी में अगर हिम्मत है तो मेरे प्रश्नों का जवाब दें। पूरी खबर पढ़ें
8- टीचर पति का शिक्षिका से अफेयर, भागलपुर में पत्नी ने किया सुसाइड
भागलपुर में सरकारी टीचर की पत्नी ने आत्महत्या कर ली है। उसका शव कमरे में फंदे से लटका मिला। बताया जा रहा है कि 2 महीने पहले ही उसकी शादी हुई थी। मृतक की पहचान रूपेश कुमार की पत्नी रिया कुमारी (23) के रूप में हुई है। मृतक महिला के परिजनों ने बताया, रूपेश का महिला टीचर से अफेयर चल रहा है। इसका रिया विरोध कर रही थी। परिजनों ने रूपेश पर हत्या का आरोप लगाया है। रूपेश के बैंक अकाउंट और बीमा पॉलिसी में नोमिनी के तौर पर गर्लफ्रेंड का नाम दिया है। इसके बाद से लगातार विवाद हो रहा है। पूरी खबर पढ़ें

9- मुजफ्फरपुर में वार्ड पार्षद ने की आत्मदाह की कोशिश
मुजफ्फरपुर में शुक्रवार को वार्ड पार्षद ने आत्मदाह की कोशिश की है। आरोप है कि गांव के कुछ युवक नाबालिग बेटी को वॉट्सऐप पर वीडियो कॉल कर अश्लील हरकत कर रहा था। सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक वीडियो भी डाला था। इससे आहत पिता ने मुजफ्फरपुर-दरभंगा फोरलेन पर बीच सड़क पर बैठ गए। शरीर पर मिट्टी तेल डालकर आत्मदाह की कोशिश की। मामले की सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। समझाने के बाद भी पीड़िता परिवार कार्रवाई की मांग पर अड़ा रहा और सड़क जाम कर दिया। इस दौरान करीब दो घंटे तक रोड जाम रहा। पूरी खबर पढ़ें
10- समस्तीपुर में धारदार हथियार से दंपती पर हमला, पति की मौत
समस्तीपुर में गुरुवार रात धारदार हथियार से दंपती पर हमला किया गया। हमले में पति की मौत हो गई, जबकि पत्नी की हालत गंभीर है। ICU में एडमिट हैं। मृतक की पहचान सुरहा गांव निवासी वार्ड-1 निवासी गंगा प्रसाद यादव(45) के तौर पर हुई है। घायल पत्नी का नाम संजू देवी (40) है। हत्या का आरोप दामाद पर लगा है। क्योंकि वारदात के बाद वो हाल चाल लेने के लिए भी नहीं पहुंचा। इससे शक और गहरा हो गया। मृतक गंगा प्रसाद की बेटी निशा ने बताया कि बहन की शादी वर्ष 2011 में हुई थी। बहनोई मेरी बहन के साथ मारपीट करते थे। बुधवार के दिन में बहन का फोन आया था। उसने बताया कि मेरे साथ आज भी मारपीट हुई है। पूरी खबर पढ़ें
11- औरंगाबाद में 2 गुटों के बीच मारपीट, 6 घायल
औरंगाबाद में 2 गुटों के बीच जमकर मारपीट हुई। एक दूसरे पर लाठी-डंडे से हमला कर दिया। खूनी संघर्ष में दोनों पक्ष के 6 लोग घायल हुए हैं। इलाज के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायलों में एक पक्ष से पिता पप्पू यादव, पुत्र मंटू कुमार है। दूसरे पक्ष से पिता राजेश कुमार, पुत्र मंटू कुमार, केशव कुमार और राजेंद्र कुमार शामिल है। घटना मुफस्सिल थाना के खान गांव की है। इस संबंध में मुफस्सिल थानाध्यक्ष अशोक कुमार ने बताया आवेदन या फर्द बयान मिलने के बाद एफआईआर दर्ज कर उचित कार्रवाई की जाएगी।पूरी खबर पढ़ें
12- पटना में कार में मिली भाई-बहन की लाश, हत्या या हादसा…उलझी पुलिस
पटना में कार से भाई-बहन की डेड बॉडी मिलने के मामले में पुलिस हत्या और हादसा दोनों एंगल से जांच कर रही है। मां का आरोप है, ‘बच्चों को उसकी ट्यूशन टीचर ने मारा है। बच्चों की शरीर की चमड़ी जली हुई थी। बॉडी पर मारपीट के भी निशान हैं। पूरे शरीर पर जलने के निशान भी दिखाई दे रहे हैं। दोनों बच्चे ट्यूशन पढ़ने गए थे, टीचर ने ही बच्चों को जलाकर मारा गया है।’ वहीं पुलिस का दावा है कि CCTV में बच्चे कोचिंग से बाहर निकलते दिख रहे हैं। पुलिस को पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार है ताकि बच्चों की मौत का कारण क्लियर हो सके। पूरी खबर पढ़ें

13- 80 क्विंटल फूल से सजा पटना का इस्कॉन टेंपल
पटना इस्कॉन टेंपल में जन्माष्टमी को लेकर भव्य आयोजन किया गया है। 80 क्विंटल फूल से पूरे मंदिर परिसर को सजाया गया है। थाईलैंड, कोलकाता, बैंगलोर, बैंकॉक से फूल मंगाए गए हैं। इस बार मंदिर की सजावट ‘वृंदावन’ थीम पर की गई है। भगवान का 251 चांदी के कलश और शंख से अभिषेक होगा। इस बार मंदिर की सजावट ‘वृंदावन’ थीम पर की गई है। भगवान का 251 चांदी के कलश और शंख से अभिषेक होगा। देर रात 1 बजे तक दरबार भक्तों के लिए खुला रहेगा। मायापुरी और वृंदावन से विशेष भजन-कीर्तन मंडलियां पहुंची है। पूरी खबर पढ़ें
अब वो खबर जो हटकर है

14- जन्माष्टमी पर तेजप्रताप यादव ने बजाई बांसुरी
कृष्ण जन्माष्टमी पर तेजप्रताप यादव बांसुरी बजाते दिखाई दिए हैं। तेजप्रताप ने X पर पूरा वीडियो शेयर किया है। RJD सुप्रीमो लालू यादव के बड़े बेटे तेजप्रताप यादव खुद को ‘बिहार का कान्हा’ बताते हैं, कई बार कृष्ण की पोशाक में नजर आ चुके हैं। कई बार उन्हें बांसुरी बजाते देखा गया है। RJD सुप्रीमो लालू यादव के बड़े बेटे तेजप्रताप यादव राजनीति के गलियारों से लेकर इंस्टाग्राम रील्स तक हर जगह अलग-अलग अंदाज में नजर आते रहते हैं। पूरी खबर पढ़ें
जानिए कल प्रदेश में कैसा रहेगा मौसम
15- 2 दिन तक बिहार में सामान्य रहेगा मानसून
मौसम विभाग के मुताबिक अगले 2–3 दिनों के दौरान राज्य के अधिकतर हिस्सों में अधिकतम तापमान में 2–3 डिग्री तक बढ़ सकता है। इस दौरान कुछ जगहों पर 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा भी चल सकती है। यह सामान्य मानसूनी गतिविधि है जो 1-2 दिन तक बनी रह सकती है। विभाग ने बताया कि बंगाल की खाड़ी से लगातार नमी युक्त हवाएं प्रदेश की ओर आ रही हैं, जिसके चलते उत्तर और पूर्वी बिहार के अधिकांश हिस्सों में बादल छाए हुए हैं। इस सिस्टम के प्रभाव से इन इलाकों में अगले 24 से 48 घंटे के भीतर गर्जन के साथ बारिश होने का अनुमान है। पूरी खबर पढ़ें
कल शाम 7 बजे फिर होगी मुलाकात…

