ब्रिटेन के शाही परिवार के घर में चोरी की कोशिश हुई है। प्रिंस विलियम और केट मिडलटन के घर एनमर हॉल में सोमवार रात कुछ नकाबपोश लोग घुस गए। हालांकि, उस वक्त घर पर कोई नहीं था। घटना इंग्लैंड के पूर्वी हिस्से में स्थित सैंड्रिंघम एस्टेट की है। पुलिस ने तलाशी अभियान चलाकर दो संदिग्धों को गिरफ्तार कर लिया। इस दौरान कुत्तों, ड्रोन और हेलिकॉप्टर की मदद भी ली गई। पुलिस के मुताबिक, सोमवार शाम यहां संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस ने पूरे इलाके में तलाशी शुरू की। दो लोगों को चोरी और बिना इजाजत घर में घुसने के शक में पकड़ा गया है। महारानी एलिजाबेथ ने शादी में तोहफे में दिया था घर जिस घर में चोरी की कोशिश हुई, उसका नाम एनमर हॉल है। इसमें 10 बेडरूम हैं। दिवंगत महारानी एलिजाबेथ द्वितीय ने यह घर विलियम और केट को शादी के तोहफे में दिया था। लंदन से करीब 171 किलोमीटर दूर बना यह घर शाही दंपती के वीकेंड बिताने की जगह है। हालांकि, विलियम, केट और उनके तीन बच्चे ज्यादातर समय विंडसर के फॉरेस्ट लॉज में रहते हैं। उन्होंने इसे अपना हमेशा का घर बताया है। शाही महल में घुसपैठ का पुराना इतिहास ब्रिटेन के शाही परिवार की संपत्तियों में घुसपैठ का यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी चोर और संदिग्ध लोग शाही महलों तक पहुंच चुके हैं। 2024 में विंडसर कैसल में चोरी: अक्टूबर में चोर विंडसर कैसल एस्टेट में घुसे थे। यहां एक फार्म बिल्डिंग से पिकअप ट्रक और क्वाड बाइक चुरा ली गई थी। उस वक्त किंग चार्ल्स और क्वीन कैमिला वहां नहीं थे। 2021 में क्रॉसबो लेकर घुसा था शख्स: जसवंत सिंह चैल नाम का व्यक्ति क्रॉसबो लेकर विंडसर कैसल के परिसर में पहुंच गया था। उसने महारानी एलिजाबेथ द्वितीय की हत्या की कोशिश का अपराध स्वीकार किया। उसे 9 साल जेल की सजा मिली। 1982 में महारानी के कमरे तक पहुंचा चोर: माइकल फेगन नाम का व्यक्ति महारानी के निजी कमरे में घुस गया था। उस वक्त महारानी बिस्तर पर थीं। दोनों के बीच करीब 10 मिनट तक बातचीत हुई। जब फेगन ने सिगरेट मांगी, तब महारानी ने अलार्म बजाकर मदद बुलाई। पिछले हफ्ते भारत आए थे प्रिंस विलियम प्रिंस विलियम और केट मिडलटन पिछले हफ्ते ही भारत के दौरे पर आए थे। 16 से 18 नवंबर तक चले इस दौरे में दोनों मुंबई पहुंचे थे। यहां उन्होंने गली क्रिकेट खेला, मुंबई मेट्रो में सफर किया और इलेक्ट्रिक ऑटो की सवारी भी की। दौरे के आखिरी दिन दोनों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की थी। इसके बाद वे अर्थशॉट प्राइज 2026 के कार्यक्रम में भी शामिल हुए थे।
Source link

