भीलवाड़ा में पिछले सात दिन से घने कोहरे का असर है। शीतलहर से बढ़ी गलन से लोगों को ठिठुरा दिया है।
कोहरा और शीतलहर को देखते हुए जिला कलेक्टर के सख्त आदेश, उल्लंघन पर होगी कार्रवाई
.
भीलवाड़ा जिले में लगातार बढ़ रही ठंड, घना कोहरा और शीतलहर को देखते हुए जिला प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। जिले के सभी सरकारी और निजी स्कूलों में कक्षा 1 से 8 तक के विद्यार्थियों के लिए तीन दिन का अवकाश घोषित किया गया है। यह आदेश 6 जनवरी (मंगलवार) से लागू होकर 8 जनवरी (गुरुवार) तक प्रभावी रहेगा।
कलेक्टर जसप्रीत सिंह संधू ने मौसम विभाग के पूर्वानुमान को ध्यान में रखते हुए यह आदेश जारी किए हैं। आदेश के अनुसार जिले में संचालित सभी सरकारी और प्राइवेट स्कूलों में विद्यार्थियों की कक्षाएं पूरी तरह बंद रहेंगी।
कलेक्टर ने बताया कि मौसम विभाग द्वारा शीतलहर और अत्यधिक ठंड की चेतावनी को देखते हुए आपदा प्रबंधन अधिनियम 2005 के अध्याय-4 की धारा 30 में प्रदत्त शक्तियों का उपयोग करते हुए यह निर्णय लिया गया है।इस आदेश के तहत भीलवाड़ा जिले के सभी सरकारी एवं निजी स्कूलों में कक्षा 1 से 8 तक के छात्रों को अवकाश दिया गया है।
अवकाश के दौरान स्कूल स्टाफ को रहना होगा उपस्थित
आदेश में स्पष्ट किया गया है कि विद्यार्थियों को अवकाश रहेगा, लेकिन स्कूल स्टाफ को नियमानुसार स्कूल में उपस्थित रहना होगा। स्कूल प्रबंधन को निर्देश दिए गए हैं कि प्रशासनिक कार्य सुचारू रूप से चलते रहें।
आदेश नहीं मानने पर होगी सख्त कार्रवाई
जिला प्रशासन ने चेतावनी दी है कि यदि कोई स्कूल आदेशों की अवहेलना करता है तो उसके खिलाफ आपदा प्रबंधन अधिनियम 2005 के प्रावधानों के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन की ओर से स्कूलों की निगरानी भी की जाएगी।

