मध्यप्रदेश से राज्यसभा प्रत्याशी मीनाक्षी नटराजन का नामांकन निरस्त होने के विरोध में सोमवार को मंदसौर में युवक कांग्रेस ने उग्र प्रदर्शन किया। जिला कांग्रेस कार्यालय से भाजपा कार्यालय का घेराव करने निकले कार्यकर्ताओं को पुलिस ने बैरिकेडिंग लगाकर रोका। इस दौरान प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की हुई। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने फायर ब्रिगेड की मदद से पानी की बौछार की और बाद में हल्का बल प्रयोग करते हुए लाठीचार्ज भी किया। इस घटना में दो से तीन कांग्रेस कार्यकर्ता मामूली रूप से घायल हुए हैं।सोमवार को बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता जिला कांग्रेस कार्यालय पर एकत्र हुए थे। वे भाजपा कार्यालय का घेराव करने के लिए रैली के रूप में निकले। गांधी चौराहे से बालाजी मंदिर के बीच पुलिस ने पहले से बैरिकेडिंग कर रखी थी। पुलिस द्वारा रोके जाने पर कार्यकर्ताओं ने आगे बढ़ने का प्रयास किया, जिससे दोनों पक्षों के बीच तनावपूर्ण स्थिति बन गई। प्रदर्शन के दौरान कई कार्यकर्ता बैरिकेड पर चढ़ गए और भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। पुलिस ने पहले प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन उनके न मानने पर फायर ब्रिगेड से पानी की बौछार की गई। इसके बावजूद प्रदर्शनकारी पीछे नहीं हटे और सड़क पर बैठकर धरना देने लगे। बाद में पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर उन्हें तितर-बितर किया। यह रस्साकशी करीब एक घंटे तक चली, जिसमें पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ता आमने-सामने डटे रहे। पानी की बौछारों के बावजूद कांग्रेस कार्यकर्ता लगातार विरोध प्रदर्शन करते रहे। प्रदर्शन के बाद पुलिस ने 10 से 15 कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया। उनके विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जा रही है। सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए 5 से 6 थानों का पुलिस बल तैनात किया गया था। इस मामले में जिला कांग्रेस अध्यक्ष महेंद्र सिंह गुर्जर ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार लोकतंत्र की हत्या करने पर उतारू है। उन्होंने कहा कि युवक कांग्रेस और एनएसयूआई के कार्यकर्ता शांतिपूर्ण एवं गांधीवादी तरीके से भाजपा कार्यालय का घेराव करने जा रहे थे, लेकिन पुलिस ने भाजपा के इशारे पर लाठीचार्ज किया, जिससे कई कार्यकर्ता घायल हुए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस लोकतंत्र और संविधान में विश्वास रखती है तथा शांतिपूर्ण तरीके से अपना विरोध दर्ज करा रही थी। वहीं, सीएसपी जितेंद्र भास्कर ने बताया कि कांग्रेस द्वारा बिना अनुमति के भाजपा कार्यालय घेराव का कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा था। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रोकने और समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे नहीं माने। इसके बाद कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पानी की बौछार की गई और कुछ नेताओं को हिरासत में लिया गया। उन्होंने बताया कि लगभग 10 से 12 लोगों को गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई की जा रही है। देखें प्रदर्शन की 7 तस्वीरें
Source link
मंदसौर में मारा, घसीटा, पटका और उठाकर थाने ले गए: कांग्रेसियों पर पानी की बौछार-लाठीचार्ज, मीनाक्षी नटराजन का नामांकन रद्द होने पर कर रहे थे विरोध – Mandsaur News
RELATED ARTICLES

