Thursday, May 14, 2026
Homeराज्यउत्तरप्रदेशमऊ में युवक की पीट-पीटकर हत्या मामला, 3 गिरफ्तार: चार दिन...

मऊ में युवक की पीट-पीटकर हत्या मामला, 3 गिरफ्तार: चार दिन बाद पुलिस ने अंडरपास के पास से पकड़ा – Mau News




मऊ के रानीपुर थाना क्षेत्र के खिरियां गांव में चार दिन पहले एक युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में पुलिस ने गुरुवार को हत्या के प्रयास के आरोप में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह गिरफ्तारी पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के इटौरा अंडरपास के पास से हुई। अपर पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार ने पुलिस लाइन में प्रेसवार्ता के दौरान मामले का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि रानीपुर थाना क्षेत्र के खिरिया गांव निवासी 27 वर्षीय पंकज रविवार को अपने 57 वर्षीय चाचा अच्छे लाल के साथ बाइक पर शराब के ठेके से लौट रहा था। गांव के पास उनकी बाइक अनियंत्रित होकर पलट गई। जब पंकज अपने चाचा को उठा रहा था, तभी चौहान बस्ती निवासी आनंद चौहान से उसकी किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। यह कहासुनी हाथापाई में बदल गई। इसके बाद आनंद चौहान ने अपने पांच अन्य साथियों को मौके पर बुला लिया। लाठी-डंडों से लैस छह युवकों ने पंकज की बेरहमी से पिटाई की और मौके से फरार हो गए। गंभीर रूप से घायल पंकज को पहले जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालत गंभीर होने पर उसे वाराणसी रेफर कर दिया गया। सोमवार रात वाराणसी ले जाते समय रास्ते में पंकज की मौत हो गई। पंकज की मौत से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने मंगलवार को पोस्टमार्टम के बाद शव को अंबेडकर मूर्ति के पास रखकर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की थी। बुधवार को रानीपुर पुलिस ने छह लोगों के खिलाफ हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज किया था। पुलिस ने अब तक तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि तीन अन्य अभी फरार हैं। पुलिस फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है। अपर पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार ने बताया कि गुरुवार को पुलिस टीम आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि तीन आरोपित पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के इटौरा अंडरपास के पास आए हुए हैं। मुखबिर से सूचना मिलते ही थाना रानीपुर पुलिस टीम ने युवक की हत्या के प्रयास में शामिल तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की शिनाख्त आनंद चौहान, योगेश चौहान, अंकित चौहान निवासी निवासी बस्ती थाना रानीपुर के रूप में किया गया। जबकि घटना में शामिल तीन आरोपित अभी भी पुलिस पकड़ से दूर हैं। अपर पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार ने दावा किया कि जल्द ही फरार तीन अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।



Source link

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments