गोपालगंज के बैकुंठपुर थाना क्षेत्र के उसरी गांव में गाना बजाने को लेकर हुए विवाद में दो पक्षों के बीच मारपीट हो गई। इस घटना में एक पक्ष के कुल 11 लोग घायल हो गए, जिनमें से तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना में हुए घायल घायलों में सुजीत कुमार, वाल्मीकि सहनी, मिथुन राय, केतु सहनी, मंजीत कुमार सहनी, शारदा देवी, जितेंद्र कुमार, योगेंद्र राय, अनिल कुमार, सुनील कुमार और अवधेश यादव शामिल हैं। इनमें से सुनील कुमार (32), अनिल कुमार (28) और अवधेश कुमार (19) को गंभीर चोटें आई हैं। सभी घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया था। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल तीनों व्यक्तियों को सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उनका इलाज चल रहा है। दोषियों के खिलाफ कार्रवाई होगी यह घटना रामबालक राय के लड़के के मटकोर कार्यक्रम के दौरान हुई। बताया गया कि कार्यक्रम में गाना बजाने को लेकर दो पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते बड़े विवाद में बदल गई और मारपीट में तब्दील हो गई। इस दौरान दोनों पक्षों से लाठी-डंडे भी चले। बैकुंठपुर थानाध्यक्ष ने इस संबंध में बताया कि पीड़ित पक्ष से आवेदन मिलने के बाद दोषियों के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
Source link

