मधुबनी में मंगलवार, 16 दिसंबर से पांच दिवसीय विशेष राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान (SNID) शुरू हो गया है। यह अभियान 20 दिसंबर 2025 तक चलेगा। राज्य प्रतिरक्षण पदाधिकारी, राज्य स्वास्थ्य समिति, बिहार द्वारा इस अभियान का शुभारंभ किया गया।
.
अभियान के सफल क्रियान्वयन को लेकर मधुबनी के जिलाधिकारी आनंद शर्मा ने स्वास्थ्य विभाग और आईसीडीएस के पदाधिकारियों एवं कर्मियों को आवश्यक निर्देश दिए हैं। उन्होंने सभी अधिकारियों को सुनिश्चित करने को कहा कि “एक भी बच्चा न छूटे… पोलियो से सुरक्षा है जरुरी” नारे के तहत 0 से 5 वर्ष तक के सभी बच्चों को अनिवार्य रूप से पोलियो की दो बूंद पिलाई जाए। आंगनवाड़ी सेविकाओं को अपने-अपने पोषक क्षेत्र के शत-प्रतिशत बच्चों को खुराक पिलाने का निर्देश दिया गया है। किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित कर्मियों/पदाधिकारियों पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
पड़ोसी देशों में अभी भी पोलियो वायरस मौजूद
जिलाधिकारी आनंद शर्मा ने समस्त जिलावासियों से विशेष अपील की है। उन्होंने कहा कि भारत भले ही पोलियो मुक्त हो चुका है, लेकिन पड़ोसी देशों में अभी भी पोलियो वायरस मौजूद है। ऐसे में सतर्कता ही हमारी सबसे बड़ी सुरक्षा है।

टीकाकर्मी घर-घर जाकर बच्चों को पोलियो की दो बूंद पिलाएंगे
संशोधित तिथि के अनुसार, 16 से 20 दिसंबर 2025 तक चलने वाले इस विशेष राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के दौरान टीकाकर्मी घर-घर जाकर बच्चों को पोलियो की दो बूंद पिलाएंगे। इसके अतिरिक्त, मोबाइल और ट्रांजिट टीमें यात्रा में रहने वाले बच्चों को भी खुराक देंगी। जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य कर्मियों को सहयोग करने और यह सुनिश्चित करने का आग्रह किया है कि कोई भी बच्चा खुराक से वंचित न रहे।

