Masale Wale Aloo Ki Sabji: आलू एक ऐसी सब्जी है जिसे लगभग हर घर में पसंद किया जाता है. इसकी खास बात यह है कि इसे कई अलग-अलग तरीकों से बनाया जा सकता है. अगर आप रोजाना बनने वाली आलू की सब्जी से कुछ अलग और स्वादिष्ट ट्राई करना चाहते हैं, तो मसालेदार आलू एक बेहतरीन विकल्प हो सकता है. यह रेसिपी बाहर से कुरकुरी और अंदर से नरम होती है, जिससे इसका स्वाद और भी बढ़ जाता है.
इसमें इस्तेमाल होने वाले भुने हुए मसाले इसकी खुशबू और स्वाद को खास बनाते हैं. इसे आप लंच, डिनर या फिर चाय के समय स्नैक के रूप में भी परोस सकते हैं. रोटी, पराठे या दाल-चावल के साथ भी यह सब्जी बहुत अच्छी लगती है. अगर घर में अचानक मेहमान आ जाएं और आप कम समय में कुछ स्वादिष्ट बनाना चाहें, तो यह रेसिपी आपके काम आ सकती है. आइए जानते हैं इसे बनाने का आसान तरीका.
मसालेदार आलू बनाने के लिए सामग्री
भुना मसाला तैयार करने के लिए
- 1 बड़ा चम्मच मूंगफली
- 2 से 3 सूखी लाल मिर्च
- 1 बड़ा चम्मच सफेद तिल
- ¾ बड़ा चम्मच धनिया के बीज
- ½ बड़ा चम्मच सौंफ
- 5 से 6 काली मिर्च
- 5 से 6 लहसुन की कलियां
सब्जी के लिए
- 3 से 4 बड़े आलू
- आवश्यकतानुसार सरसों का तेल
- ½ छोटा चम्मच जीरा
- ½ छोटा चम्मच कलौंजी
- 1 चुटकी हींग
- ½ छोटा चम्मच हल्दी पाउडर
- लाल मिर्च पाउडर स्वादानुसार
- 1 छोटा चम्मच धनिया पाउडर
- नमक स्वादानुसार
- अमचूर पाउडर स्वादानुसार
बनाने की विधि
सबसे पहले मूंगफली, सूखी लाल मिर्च, तिल, धनिया, सौंफ, काली मिर्च और लहसुन को बिना तेल के हल्का भून लें. जब ये ठंडे हो जाएं तो इन्हें दरदरा पीसकर मसाला तैयार कर लें.
अब आलू को धोकर छील लें और उन्हें लंबे व पतले टुकड़ों में काट लें. एक कड़ाही में सरसों का तेल गर्म करें. तेल गर्म होने पर उसमें जीरा, कलौंजी और हींग डालकर तड़का लगाएं.
इसके बाद कटे हुए आलू डालें और हल्दी, लाल मिर्च पाउडर, धनिया पाउडर तथा नमक मिलाकर अच्छी तरह चलाएं. आलू को धीमी आंच पर पकने दें. जब आलू लगभग पक जाएं, तब तैयार किया हुआ भुना मसाला और अमचूर डालकर अच्छी तरह मिलाएं. कुछ मिनट तक भूनने के बाद गैस बंद कर दें.
गरमा-गरम मसालेदार आलू तैयार हैं. इन्हें रोटी, पराठे या दाल-चावल के साथ परोसकर स्वाद का आनंद लें.

