दिल्ली में हुए हालिया होटल अग्निकांड के बाद मुज़फ़्फ़रनगर प्रशासन सतर्क हो गया है। जनपद में संभावित हादसों को रोकने के लिए प्रशासन और अग्निशमन विभाग ने संयुक्त रूप से होटलों, गेस्ट हाउसों तथा व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में विशेष जांच अभियान शुरू किया है। बुधवार को अग्निशमन अधिकारी अनुराग सिंह के नेतृत्व में दमकल विभाग की टीम ने शहर के कई प्रमुख होटलों का दौरा किया। इस दौरान सिटी मजिस्ट्रेट पंकज राठौर भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने फायर अलार्म सिस्टम, अग्निशमन यंत्र, इमरजेंसी एग्जिट, फायर फाइटिंग सिस्टम, बिजली व्यवस्था और आपातकालीन निकासी के इंतजामों का बारीकी से निरीक्षण किया। जांच दल ने यह भी सुनिश्चित किया कि आपात स्थिति में होटल प्रबंधन और कर्मचारी किस प्रकार प्रतिक्रिया देंगे। उनके पास पर्याप्त संसाधन और प्रशिक्षण उपलब्ध है या नहीं, इसकी भी पड़ताल की गई। कई स्थानों पर कर्मचारियों को सुरक्षा संबंधी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। सिटी मजिस्ट्रेट पंकज राठौर ने स्पष्ट किया कि जनपद में किसी भी होटल, गेस्ट हाउस या व्यावसायिक प्रतिष्ठान को फायर सेफ्टी नियमों की अनदेखी करने की अनुमति नहीं दी जाएगी। उन्होंने चेतावनी दी कि सुरक्षा मानकों में कमी पाए जाने पर संबंधित संस्थान के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। अग्निशमन अधिकारी अनुराग सिंह ने बताया कि यह अभियान केवल औपचारिक निरीक्षण नहीं, बल्कि लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए है। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में भी शहर और ग्रामीण क्षेत्रों के विभिन्न प्रतिष्ठानों की जांच जारी रहेगी। सभी को सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करना होगा। दिल्ली में हुए अग्निकांड के बाद प्रशासन कोई जोखिम नहीं लेना चाहता। जनपद भर में सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा की जा रही है, ताकि भविष्य में किसी भी बड़े हादसे की संभावना को समय रहते रोका जा सके।
Source link
मुजफ्फरनगर में होटलों की फायर सेफ्टी जांच: दिल्ली अग्निकांड के बाद प्रशासन-दमकल विभाग ने की पड़ताल, लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी – Muzaffarnagar News
RELATED ARTICLES

