मुजफ्फरपुर के 17 परीक्षा केंद्रों पर सिपाही भर्ती परीक्षा होगी। जिसमें कुल 10,854 अभ्यर्थी शामिल होंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार प्रथम प्रश्न पत्र की परीक्षा सुबह 10 बजे से 11:30 बजे तक और द्वितीय प्रश्न पत्र की परीक्षा दोपहर 12 बजे से 1:30 बजे तक होगी। सभी अभ्यर्थियों के लिए रिपोर्टिंग टाइम सुबह 8 बजे निर्धारित है। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सुबह 9 बजे के बाद किसी भी अभ्यर्थी को परीक्षा केंद्र में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी। प्रशासन ने परीक्षा केंद्रों पर किसी भी प्रकार की इलेक्ट्रॉनिक सामग्री ले जाने पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया है। मोबाइल फोन, कैलकुलेटर, ब्लूटूथ डिवाइस, वाई-फाई गैजेट, इलेक्ट्रॉनिक पेन, पेजर, स्मार्ट वॉच समेत किसी भी इलेक्ट्रॉनिक उपकरण को परीक्षा कक्ष में ले जाने की अनुमति नहीं होगी। इसके अलावा व्हाइटनर, इरेजर, ब्लेड या अन्य प्रतिबंधित सामग्री भी साथ रखने पर रोक रहेगी। यदि किसी अभ्यर्थी के पास ऐसी सामग्री पाई जाती है तो उसे कदाचार माना जाएगा और नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
सीसीटीवी-कंट्रोल रूम से होगी निगरानी परीक्षा की पारदर्शिता बनाए रखने के लिए सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। परीक्षा अवधि के दौरान सभी केंद्रों की गतिविधियों की लाइव स्ट्रीमिंग जिला नियंत्रण कक्ष में उपलब्ध रहेगी, जहां से रियल टाइम मॉनिटरिंग की जाएगी। किसी भी विशेष परिस्थिति से निपटने के लिए समाहरणालय सभा कक्ष के ऊपरी तल पर जिला नियंत्रण कक्ष सुबह 7 बजे से सक्रिय रहेगा। नियंत्रण कक्ष की जिम्मेदारी जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (स्थापना) को सौंपी गई है।
उड़नदस्ता दंडाधिकारियों की तैनाती की गई जिलाधिकारी कुमार गौरव और वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त संख्या में स्टेटिक दंडाधिकारी-सह-प्रेक्षक, जोनल दंडाधिकारी-सह-समन्वय प्रेक्षक और उड़नदस्ता दंडाधिकारियों की तैनाती की गई है। सभी अधिकारियों को केंद्रीय चयन पर्षद की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन कराने का निर्देश दिया गया है। परीक्षा केंद्रों पर प्रवेश से पहले सभी अभ्यर्थियों की सघन फ्रिस्किंग की जाएगी। किसी भी अभ्यर्थी को दोनों प्रश्न पत्रों की परीक्षा समाप्त होने से पहले केंद्र छोड़ने की अनुमति नहीं होगी।
इन 17 केंद्रों पर होगी परीक्षा जिले में महंत दर्शन दास महिला महाविद्यालय, डॉल्फिन पब्लिक स्कूल, आबेदा उच्च विद्यालय, मारवाड़ी उच्च विद्यालय, एलएनटी कॉलेज, रामेश्वर सिंह महाविद्यालय, एमपीएस साइंस कॉलेज, आरबीबीएम कॉलेज, क्राइस्ट ज्योति इंटरनेशनल विद्यालय, मुखर्जी सेमिनरी, बीपी इंद्रप्रस्थ इंटरनेशनल स्कूल, लाइसियम इंटरनेशनल स्कूल, रामदयालु सिंह महाविद्यालय, चैपमैन बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय, रेजोनेंस इंटरनेशनल स्कूल, बीबी कॉलेजिएट तथा द्वारिकानाथ उच्च माध्यमिक विद्यालय को परीक्षा केंद्र बनाया गया है।
Source link

