रिजवान खान | मेरठ1 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
मेरठ में एसएसपी कार्यालय में शिकायत दर्ज कराने के बाद घर लौट रहे एक रिटायर्ड सूबेदार पर शनिवार को जानलेवा हमला किया गया। इस हमले में सूबेदार गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए मेरठ के मेडिकल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पीड़ित सूबेदार ने दो दिन पहले मुबारिकपुर गांव के ग्राम प्रधान के साथ हुए विवाद और मारपीट के मामले में पुलिस की निष्क्रियता को लेकर अधिकारियों से शिकायत की थी। उनका आरोप था कि परीक्षितगढ़ थाना पुलिस ने इस घटना पर कोई मुकदमा दर्ज नहीं किया और न ही कोई कार्रवाई की।

जानकारी के अनुसार, दो दिन पहले परीक्षितगढ़ थाना क्षेत्र में एक शादी समारोह में सूबेदार का ग्राम प्रधान से विवाद हो गया था। यह विवाद मारपीट में बदल गया। पीड़ित ने स्थानीय थाने में शिकायत दर्ज कराई थी, लेकिन कार्रवाई न होने पर वह शनिवार को एसएसपी कार्यालय पहुंचे थे।
शनिवार को एसएसपी से शिकायत के बाद सूबेदार जब कप्तान कार्यालय से परीक्षितगढ़ थाने की ओर लौट रहे थे, तभी पचपेड़ा के पास दो बाइक पर सवार चार अज्ञात हमलावरों ने उन्हें घेर लिया। हमला करने के बाद आरोपी मौके पर एक बाइक छोड़कर फरार हो गए।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल सूबेदार को इलाज के लिए अस्पताल भेजा। पीड़ित ने एक बार फिर पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाया है। परीक्षितगढ़ थाना प्रभारी सुदीश सिरोही ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस का दावा है कि जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।

