Tuesday, April 21, 2026
Homeराज्यउत्तरप्रदेशमैनपुरी में एक्सप्रेसवे पर बेकाबू बस पलटी: महिला व मासूम समेत...

मैनपुरी में एक्सप्रेसवे पर बेकाबू बस पलटी: महिला व मासूम समेत दो की मौत, 11 घायल, टायर फटने से हुआ हादसा – Mainpuri News


अभिषेक जैन | मैनपुरी2 मिनट पहले

  • कॉपी लिंक

मैनपुरी के करहल थाना क्षेत्र में देर रात आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर एक बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई। दिल्ली से दरभंगा (बिहार) जा रही यात्रियों से भरी एक बस का अगला टायर अचानक फट गया, जिससे बस अनियंत्रित होकर पलट गई। यह हादसा एक्सप्रेसवे के किलोमीटर 82.700 के पास आगरा से लखनऊ की दिशा में हुआ।

इस दुर्घटना में बस में सवार एक महिला और तीन वर्षीय मासूम की मौके पर ही मौत हो गई। इसके अतिरिक्त, 11 यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।

दुर्घटना की सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक करहल, उपनिरीक्षक तेजवार सिंह और पुलिस बल मौके पर पहुंचे। कुछ ही देर में क्षेत्राधिकारी करहल और उपजिलाधिकारी करहल भी घटनास्थल पर पहुंच गए। पुलिस और राहत कर्मियों की मदद से बस के अंदर फंसे यात्रियों को बाहर निकाला गया।

घायल सभी यात्रियों को तत्काल एंबुलेंस से सैफई पीजीआई भेजा गया, जहां उनका उपचार जारी है। घायलों में दीपक शर्मा (27), विभा कुमारी (25), रिहान (13), भीखन सदा (40), मंजू (30), गुलहसन (49), मुकेश मंडल, गुलाब देवी (40), रमन पासवान (30), अनीषा खातून और नब्या कुमारी (12) शामिल हैं। ये सभी घायल बिहार के विभिन्न जिलों के निवासी बताए गए हैं।

हादसे में मृत महिला की पहचान रंजन देवी (35) पत्नी भीखन सदा, निवासी ग्राम मिशी थाना कुसेसर, जिला दरभंगा (बिहार) के रूप में हुई है। मृत मासूम की पहचान तीन वर्षीय मोहम्मद खालिद पुत्र मोहम्मद इब्राहिम, निवासी नीरपुर भदरिया थाना सिंगहिया, जिला समस्तीपुर (बिहार) के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार, दुर्घटना का मुख्य कारण बस का टायर फटना बताया जा रहा है। इस संबंध में फिलहाल कोई मुकदमा दर्ज नहीं किया गया है और पुलिस मामले की जांच कर रही है। दुर्घटना के कारण कुछ समय के लिए एक्सप्रेसवे पर यातायात भी प्रभावित रहा।



Source link

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments