शिवम तिवारी | बांदा3 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
बांदा में एक युवक मरे सांप को चबा गया। उसमें सांप के एक-दो टुकड़े निगल लिए। युवक की मां ने देखा तो दौड़ाकर उसके पास गई और सांप को छीनकर फेंक दिया। इसके बाद परिजनों के साथ उसे लेकर अस्पताल गई। डॉक्टरों ने जांच करके युवक को एंटी वेनम इंजेक्शन और जरूरी दवाएं दी गईं। इलाज के बाद उसकी हालत सामान्य रही और उसे डिस्चार्ज कर दिया गया है।
बबेरू थाना क्षेत्र के हरदौली गांव में गुरुवार को अशोक (35) शराब के नशे में सड़क पर इधर-उधर घूम रहा था। इसी दौरान उसे एक मरा हुआ सांप दिखाई दिया। नशे की हालत में उसने बिना कुछ सोचे-समझे उस सांप को उठाया और सीधे अपने मुंह में डाल लिया। फिर उसे दांतों से चबाने लगा।
अशोक की मां सिया दुलारी ने जब बेटे को सांप को मुंह में डालते देखा तो जोर-जोर से चीखने लगीं। उन्होंने दौड़कर किसी तरह बेटे के मुंह से सांप को बाहर निकाला, लेकिन तब तक वह एक-दो टुकड़े निगल चुका था। परिजन आनन-फानन में उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे।
डॉक्टर बोले- सांप जहरीला होता तो बिगड़ सकती थी हालत
अस्पताल में मौजूद डॉक्टर सिद्धार्थ मनोहर ने बताया कि युवक ने जो सांप निगला था, वह मरा हुआ था और संभवतः जहरीला नहीं था। अगर सांप में जहर होता तो स्थिति बेहद गंभीर हो सकती थी। युवक को एंटी वेनम इंजेक्शन और जरूरी दवाएं दी गईं। इलाज के बाद उसकी हालत सामान्य रही और उसे डिस्चार्ज कर दिया गया है।