Tuesday, June 30, 2026
Homeराज्यमध्यप्रदेशरतलाम का हेड कॉन्स्टेबल 50 हजार की रिश्वत लेते पकड़ाया: भीलवाड़ा...

रतलाम का हेड कॉन्स्टेबल 50 हजार की रिश्वत लेते पकड़ाया: भीलवाड़ा में ACB ने किया गिरफ्तार, रुपए लेकर पॉकेट में रखे; 10 हजार पहले ले चुका – Ratlam News




रतलाम शहर के थाना औद्योगिक में पदस्थ हेड कॉन्स्टेबल तपेश गोसाई को राजस्थान के भीलवाड़ा में एसीबी टीम ने 50 हजार रुपए की रिश्वत लेते गिरफ्तार किया है। आरोपी हेड कॉन्स्टेबल तपेश गोसाई पर धोखाधड़ी के एक मामले में गिरफ्तार आरोपी के भाई के साथ मारपीट नहीं करने और जांच में सहयोग के बदले 1 लाख 10 हजार रुपए की रिश्वत मांगने का आरोप है। इसके पहले भी वह 10 हजार रुपए ले चुका था और शेष राशि में से 50 हजार रुपए लेने के लिए भीलवाड़ा के एक होटल में पहुंचा था। जिस होटल में आरोपी अपनी टीम के साथ ठहरा था, उसी होटल में एसीबी ने भी गोपनीय रूप से डेरा डाल रखा था। जैसे ही उसने कमरे में परिवादी से रिश्वत की रकम ली, एसीबी टीम ने तुरंत दबिश देकर उसे रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। रतलाम से जुड़ा है मामला
एसीबी के महानिदेशक पुलिस गोविन्द गुप्ता ने बताया, मामला रतलाम (मध्यप्रदेश) के 80 फीट रोड निवासी व्यापारी रतन जांगिड़ की शिकायत से जुड़ा था। उन्होंने आरोप लगाया था कि जूनावास (भीलवाड़ा) निवासी मोहम्मद लियाकत ने रतलाम में नए आरटीओ कार्यालय के सामने स्थित बंद पड़ी ऑयल मिल और जमीन का 11 करोड़ 10 लाख रुपए में सौदा कर 25 लाख 76 हजार रुपए ले लिए, लेकिन न जमीन का अनुबंध कराया और न ही मालिक से मुलाकात कराई। इस शिकायत पर औद्योगिक क्षेत्र थाना पुलिस ने धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया था और आरोपी को जांच के लिए रविवार को भीलवाड़ा लाया गया था। भीलवाड़ा एसीबी-द्वितीय को शिकायत मिली थी कि हेड कॉन्स्टेबल तपेश गोसाई, जो रतलाम के औद्योगिक क्षेत्र थाने में दर्ज एक धोखाधड़ी के मामले की जांच कर रहा था, परिवादी से रिश्वत मांग रहा है। शिकायत के सत्यापन के बाद एसीबी ने ट्रैप की योजना बनाई। पहले 10 फिर 50 हजार लेने बुलाया
एसीबी महानिदेशक के अनुसार जांच में सामने आया कि हेड कॉन्स्टेबल तपेश गोसाई ने गिरफ्तार आरोपी के भाई के साथ मारपीट नहीं करने और मामले में सहयोग करने के बदले 1 लाख 10 हजार रुपए की रिश्वत मांगी थी। आरोपी पहले ही 10 हजार रुपए ले चुका था। इसके बाद शेष राशि में से 50 हजार रुपए लेने के लिए भीलवाड़ा के सर्किट हाउस के पास स्थित एक होटल में समय तय किया गया। वर्दी की जेब से मिले 50 हजार रुपए
डिप्टी एसपी नरपत सिंह चारण के नेतृत्व में एसीबी टीम ने होटल में ट्रैप कार्रवाई की। इस दौरान हेड कॉन्स्टेबल तपेश गोसाई (40), निवासी रतलाम, परिवादी से 50 हजार रुपए लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया गया। तलाशी के दौरान रिश्वत की पूरी राशि उसकी पहनी हुई पुलिस वर्दी की पैंट की जेब से बरामद हुई। एसीबी ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है और मामले में आगे की कार्रवाई जारी है। रिश्वत लेते हेड कॉन्स्टेबल को सोमवार को पकड़ा था। टीम से अलग कमरे में बुलाकर लिए रुपए
ट्रैप कार्रवाई के दौरान हेड कॉन्स्टेबल तपेश गोसाई होटल के कमरा नंबर 104 में अपनी टीम से अलग ठहरा हुआ था। उसने परिवादी को इसी कमरे में रुपए लेकर आने के लिए बुलाया था। जबकि उसके साथ आई एएसआई सहित चार अन्य पुलिसकर्मी होटल के कमरा नंबर 105 में रुके हुए थे। शिकायत के सत्यापन के बाद बनाई गई रणनीति के तहत एसीबी टीम ने पूरी कार्रवाई को अंजाम दिया। जैसे ही आरोपी हेड कॉन्स्टेबल ने परिवादी से 50 हजार रुपए लिए, टीम ने तत्काल उसे दबोच लिया। रिश्वत की राशि मौके पर ही बरामद कर ली गई। अब आरोपी से पूछताछ के साथ मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।



Source link

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments