सीकरी के नगर रोड पेट्रोल पंप के पास मंगलवार देर रात तेज रफ्तार वेगनआर कार अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे सो रहे गाड़िया लुहारों पर चढ़ गई। चारपाई पर सो रही बुजुर्ग महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनका बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद गुस्साए परिजनों ने पुलिस पर आरोपी चालक को भगाने का गंभीर आरोप लगाया है। चारपाई पर सो रहे थे मां-बेटा, कार ने मारी टक्कर जानकारी के अनुसार, गाड़िया लोहार परिवार के राजेश (30) और उनकी मां महमू (60) रोज की तरह अपनी झोपड़ी के बाहर चारपाई बिछाकर सो रहे थे। देर रात करीब 12 बजे नगर रोड की तरफ से आ रही एक तेज रफ्तार वेगनआर कार अचानक असंतुलित हो गई। गाड़ी सीधे चारपाई पर चढ़ गई। टक्कर इतनी तेज थी कि महमू की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि राजेश गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और भारी संख्या में स्थानीय लोग इकट्ठा हो गए। अस्पताल में भर्ती, हालत नाजुक घटना की सूचना मिलते ही सीकरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने लहूलुहान हालत में राजेश को तुरंत स्थानीय अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे अलवर रेफर कर दिया है। फिलहाल राजेश की हालत नाजुक बनी हुई है। पुलिस ने मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। परिजनों का फूटा गुस्सा: ‘पुलिस ने खुद चालक को भगाया’ हादसे के बाद पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। मृतका के परिजनों और गुस्साए ग्रामीणों ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाया है। “हादसे के तुरंत बाद हमने ड्राइवर को पकड़ लिया था। लेकिन मौके पर पहुंची सीकरी थाना पुलिस ने सख्त कार्रवाई करने के बजाय आरोपी कार चालक को खुद अपनी मिलीभगत से मौके से भगा दिया।” परिजनों के हंगामे को देखते हुए पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वेगनआर कार को जब्त कर लिया है। पुलिस प्रशासन का कहना है कि परिजनों के आरोपों और हादसे के कारणों की गहनता से जांच की जा रही है।
Source link

