मंगलवार को छोड़कर सप्ताह में छह दिन नियमित रूप से संचालित होगी। फाइल फोटो।
उदयपुर और गुजरात के सूरत के बीच सफर करने वाले यात्रियों के लिए रेलवे ने सुविधा बढ़ाई है। रेलवे की ओर से सूरत और उदयपुर सिटी के बीच नई वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन शुरू की जाएगी। यह रेल सेवा मंगलवार को छोड़कर सप्ताह में छह दिन नियमित रूप से संचालित होगी।
.
इस नई वंदे भारत ट्रेन की शुरुआत कल यानी 2 अक्टूबर को उद्घाटन स्पेशल के रूप में होगी। गाड़ी संख्या 09103 सूरत-उदयपुर सिटी उद्घाटन स्पेशल ट्रेन कल सुबह 10 बजे सूरत से रवाना होगी। शाम 17:40 बजे उदयपुर सिटी पहुंचेगी। इस उद्घाटन ट्रेन में वंदे भारत के 08 डिब्बों का रैक होगा।
इसके बाद 3 अक्टूबर 2026 से इस ट्रेन का नियमित संचालन शुरू हो जाएगा। गाड़ी संख्या 26904 उदयपुर सिटी-सूरत वंदे भारत एक्सप्रेस 3 अक्टूबर से हर मंगलवार को छोड़कर सप्ताह में 6 दिन दोपहर 15:35 बजे उदयपुर सिटी से चलकर रात 23:00 बजे सूरत पहुंचेगी।
3 अक्टूबर 2026 से इस ट्रेन का नियमित संचालन शुरू हो जाएगा। फाइल फोटो।
इसी तरह वापसी में गाड़ी संख्या 26903 सूरत-उदयपुर सिटी वंदे भारत एक्सप्रेस 4 अक्टूबर से मंगलवार को छोड़कर सप्ताह में छह दिन सुबह 06:10 बजे सूरत से रवाना होकर दोपहर 13:40 बजे उदयपुर सिटी पहुंचेगी।

पुराने रूट में बदलाव
यह नियमित वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन दोनों ही दिशाओं में सफर के दौरान 9 स्टेशनों पर रुकेगी। इस पूरी नियमित सेवा में भी वंदे भारत के 08 डिब्बों का रैक लगाया जाएगा।
इस नई ट्रेन के संचालन के साथ ही पुराने रूट को लेकर भी बदलाव किया गया है। गाड़ी संख्या 26963/26964 उदयपुर सिटी-असारवा-उदयपुर सिटी वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन का संचालन 2 अक्टूबर से बंद किया जा रहा है। इस बदलाव से इस रूट के यात्रियों को सीधे सूरत तक की तेज और आधुनिक ट्रेन सेवा का सीधा लाभ मिलेगा।

