मोरेल डेम से सिंचाई के लिए पानी मिलने का इंतजार कर रहे किसानों के लिए राहत भरी खबर है। मंगलवार को मोरेल डेम की पूर्वी नहर और मुख्य नहर को विधिवत पूजा-अर्चना के बाद खोल दिया गया। नहर खोलने से पहले डैम पर स्थित पीर बाबा मंदिर में पूजा-अर्चना की गई और चादर चढ़ाकर क्षेत्र में खुशहाली एवं अच्छी फसल की कामना की गई। एक माह तक संचालित होगी नहर किसान सभा जिला अध्यक्ष कांजी मीणा के नेतृत्व में आयोजित धार्मिक कार्यक्रम के बाद दोनों नहरों को सिंचाई के लिए शुरू किया गया। दोनों नहरें लगातार एक माह तक संचालित रहेंगी। इससे क्षेत्र के किसानों को रबी की फसलों की सिंचाई के लिए पानी उपलब्ध हो सकेगा। लंबे समय से नहरों के खुलने का इंतजार कर रहे किसानों को इससे काफी राहत मिलने की उम्मीद है। सिंचाई व्यवस्था को मजबूती मिलेगी इस दौरान किसानों ने नहरों में पानी की नियमित आपूर्ति बनाए रखने की उम्मीद जताई। दोनों नहरों के शुरू होने से आसपास के कृषि क्षेत्र में सिंचाई व्यवस्था को मजबूती मिलेगी। किसानों को उम्मीद है कि एक माह तक मिलने वाले पानी से फसलों को समय पर सिंचाई मिल सकेगी और उत्पादन में भी लाभ होगा। ये लोग मौजूद रहे नहर खोलने के अवसर पर सिंचाई विभाग के लालसोट एईएन सुखलाल मीणा, लालसोट जेईएन नवल, मलारना जेईएन विनोद मीणा, एईएन दीपक प्रजापत, मोरेल डैम चेयरमैन कांजी मीणा सहित क्षेत्र के कई किसान मौजूद रहे।
Source link

