- Hindi News
- International
- Israel Expressed Regret Over The Bombing Of Nasir Hospital In Gaza, 21 People Including 5 Journalists Were Killed
7 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
इजराइल के प्रधानमंत्री ऑफिस ने सोमवार को गाजा के नासिर अस्पताल में हुए दुखद हादसे पर अफसोस जताया है। पीएमओ ने X पर लिखा, ‘इजराइल गाजा के नासिर अस्पताल में हुई दुखद दुर्घटना पर गहरा खेद व्यक्त करता है। इजराइल पत्रकारों, मेडिकल स्टाफ और सभी नागरिकों के काम को महत्व देता है।’
इजरायली सेना ने सोमवार को खान यूनिस स्थित नासिर अस्पताल पर बमबारी की जिसमें 5 पत्रकारों, चिकित्सकों और बचावकर्मियों सहित 21 लोगों की मौत हो गई थी। इसमें अल जजीरा के फोटोग्राफर मोहम्मद सलामा भी मारे गए।
हेल्थ मंत्रालय ने बताया कि यह हमला एक डबल-टैप हमला था, जिसमें लगातार दो गोलों से हमले हुए। पहला हमला इमारत की सबसे ऊपरी मंजिल पर हुआ, जिसके कुछ ही मिनटों बाद दूसरा हमला हुआ
इससे रेस्क्यू का काम और ज्यादा खतरनाक हो गया। इजराइल के हमलों में सोमवार सुबह से गाजा में कम से कम 61 लोग मारे गए हैं, जिनमें सात लोग सहायता लेने की कोशिश में मारे गए।
कमेटी टू प्रोटेक्ट जर्नलिस्ट्स (CPJ) के मुताबिक, इजराइल-हमास संघर्ष अब तक कुल 192 पत्रकार मारे गए हैं। जबकि कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में 200 से ज्यादा पत्रकारों के मारे जाने की कही गई है। इस जंग के मुकाबले अब तक रूस-यूक्रेन वॉर में सिर्फ 18 पत्रकारों की मौत हुई है।
अल जजीरा ने इस हमले की निंदा करते हुए कहा कि यह “सच्चाई को दबाने की कोशिश” है। फलस्तीनी पत्रकार संघ ने इसे मीडिया के खिलाफ खुली जंग करार दिया। संयुक्त राष्ट्र की विशेष दूत फ्रांसेस्का अल्बानीज ने कहा, ‘गाजा में हर पल ऐसी घटनाएं हो रही हैं, जो अक्सर दुनिया की नजरों से छिपी रहती हैं। इसे रोकने के लिए देशों को कदम उठाने चाहिए।’
गाजा के हेल्थ मंत्रालय ने बताया कि इस जंग में अब तक 62,686 फिलिस्तीनी मारे जा चुके हैं। अनुमान के मुताबिक मरने वालों में लगभग आधे महिलाएं और बच्चे हैं।

