विधानसभा में कर्मचारियों के लिए यूनिफॉर्म खरीदी एक निजी कंपनी से करने की शर्त रखी गई है। अभी विस में रिपोर्टर समेत अन्य कर्मचारियों का ड्रेस कोड नहीं है। विस में इन कर्मचारियों के लिए भी यूनिफॉर्म तय किया जा रहा है। यह व्यवस्था संसद में पहले से है।
.
विस अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने यूनिफॉर्म के लिए एक समिति गठित की है। यह समिति ड्रेस खरीदी की शर्तें तय करेगी। इसी समिति की सिफारिश पर यूनिफॉर्म खरीदी के लिए जारी टेंडर में एक कंपनी का कपड़ा सप्लाई करने की शर्त जोड़ दी गई है, जिससे प्रक्रिया उलझ गई है। विस सचिवालय ने इस बारे में बुधवार को टेंडर जारी कर दिए हैं।
10 जून तक सिले हुए यूनिफॉर्म सप्लाई करने के लिए एजेंसियों से निविदाएं मांगी गई थीं, जिसमें एक कंपनी का कपड़ा होने का जिक्र है। टेंडर में एक निजी कंपनी के नाम की शर्त के सवाल पर विस के प्रमुख सचिव एपी सिंह ने भास्कर से कहा कि खरीदी का निर्णय विस अध्यक्ष द्वारा बनाई गई समिति ने लिया है।
वहीं समिति के सदस्य और विस सचिव अरविन्द शर्मा ने कहा कि खरीदी से पहले मंगाए सैंपल की क्वालिटी खराब थी, इसलिए स्टाफ के यूनिफॉर्म की क्वालिटी बनाए रखने के लिए एक कंपनी का नाम रखा गया है।

