Last Updated:
Bollywood Musical Romantic Movie : 1999 में डायरेक्टर-प्रोड्यूसर सुभाष घई की एक ऐसी फिल्म सिनेमाघरों में आई थी जिमें A लेटर के 7 सितारों ने काम किया था. इस फिल्म में एक्ट्रेस ने बिना मेकअप के काम किया था. उसकी नेचुरल ब्यूटी को दर्शकों ने खूब सराहा था. फिल्म में हिमाचल प्रदेश की खूबसूरत वादियों ने दर्शकों के दिल को लूट लिया था. प्रकृति की इन्ही सुरम्य वादियों में गाने फिल्माए गए थे. म्यूजिक भी सुपरहिट रहा था. फिल्म ने 6 फिल्म फेयर अवॉर्ड भी अपने नाम किए थे.
वैसे तो बॉलीवुड फिल्मों में हीरो-हीरोइन मेकअप के ही नजर आते हैं. 26 साल पहले 1999 में एक ऐसी फिल्म आई जिसमें एक्ट्रेस की नेचुरल ब्यूटी का दीदार दर्शकों ने किया था. हिमालय के पास प्रकृति की वादियों में फिल्माए गए गाने, ब्लॉकबस्टर म्यूजिक, भावुक कर देने वाली कहानी ने दर्शकों को सिनेमाघरों में बांधे रखा था. हम बात कर रहे हैं 13 अगस्त 1999 में रिलीज हुई फिल्म ताल की, जिसका डायरेक्शन-प्रोडक्शन सुभाष घई ने किया था.

ताल फिल्म में अक्षय खन्ना, ऐश्वर्या राय, अनिल कपूर, आलोक नाथ, अमरीश पुरी लीड रोल में थे. म्यूजिक एआर रहमान का था. यह पहला मौका था जब सुभाष घई की फिल्म में एआर रहमान ने म्यूजिक दिया था. गाने आनंद बख्शी ने लिखे थे. फिल्म की कहानी सुभाष घई ने लिखी थी. डायलॉग जावेद सिद्दीकी ने लिखे थे. स्क्रीनप्ले सचिन भौमिक ने लिखा था. सुभाष घई इससे पहले कालीचरण, विश्वनाथ, हीरो, राम-लखन, खलनायक, मेरी जंग, कर्मा, सौदागर और परदेस जैसी कई ब्लॉकबस्टर फिल्में बना चुके थे.

ताल सुभाष घई के करियर की आखिरी हिट फिल्म साबित हुई थी. ताल को उन्होंने अपनी कंपनी मुक्ता आर्ट्स के बैनर तले बनाया था. ताल फिल्म का सबसे दिलचस्प पहलू यह भी है कि इसमें A लेटर के सात सितारों ने काम इया था. फिल्म में अक्षय खन्ना, ऐश्वर्या राय, अनिल कपूर, आलोक नाथ, अमरीश पुरी, म्यूजिक डायरेक्टर एआर रहमान और गीतकार आनंद बख्शी ने काम किया था. इन सभी सितारों का नाम A लेटर से शुरू होता है.

ताल फिल्म से पहले ऐश्वर्या राय की ज्यादातर फिल्में फ्लॉप रही थीं. ऐश्वर्या राय ने 1994 में मिस वर्ल्ड का खिताब जीता था. बॉलीवुड में उन्होंने अगस्त 1997 में बॉबी देओल के अपोजिट ‘और प्यार हो गया’ फिल्म से डेब्यू किया था लेकिन यह मूवी फ्लॉप रही थी.

सुभाष घई ने अपने एक इंटरव्यू में ताल मूवी में ऐश्वर्या राय को लिए जाने की वजह का खुलासा किया था. उन्होंने कहा था, ‘जब मैं ऐश्वर्या राय से मिला तो उनकी फिल्में नहीं चल रही थीं. मैंने उनके भीतर की सुंदरता को देखा. उस रॉ ब्यूटी को देखा जो लोगों ने शायद नहीं देखा. जब से वो मिस वर्ल्ड बनी थीं, तब से लोगों ने उन्हें कॉस्मेटिक बना दिया था. यह समझकर कि ये मिस वर्ल्ड हैं. मैंने उन्हें मिस वर्ल्ड की तरह देखा ही नहीं.’

घई ने अपने इंटरव्यू में आगे बताया, ‘मैंने देखा कि एक हिमालय से उतरी हुई एक सुंदरी हैं, जिसकी आत्मा भी हिमालय की तरह सुंदर है. जो प्रकृति की बेटी है, एक प्योर ब्यूटी हैं, जो धरती से पैदा हुई है, जो जमीन से निकली है. ताल में मानसी जो कैरेक्टर है, वो जमीन से निकली एक खूबसूरत चीज है, जिसे खुद नहीं पता कि वो कितनी खूबसूरत है. जब उसको जमाना बताता है कि तुम खूबसूरत हो, तो उसकी क्या हालत होती है, जब उसको लाइफ में अलग-अलग चैलेंज मिलते हैं, तो उसकी क्या हालत होती है. इसलिए मैंने ऐश को चुना क्योंकि मैं उनके भीतर की खूबसूरती को देख सकता था.’

ताल फिल्म का बजट करीब 12 करोड़ रुपये का रखा गया था. फिल्म ने 51 करोड़ का वर्ल्ड वाइड कलेक्शन किया था. यह एक हिट फिल्म साबित हुई थी. ताल फिल्म का टाइटल पहले ‘शिखर’ था. सुभाष घई ने इस फिल्म की कहानी 1995 में लिखी थी.

इसी बीच, सुभाष घई के बैनर तले एक मल्टीस्टारत फिल्म ‘त्रिमूर्ति’ फ्लॉप हो गई, ऐसे में घई ने ‘शिखर’ फिल्म को बनाने का आइडिया कैसिंल कर दिया. फिर उन्होंने शाहरुख खान के साथ ‘परदेस’ फिल्म बनाई जो कि बॉक्स ऑफिस पर सुपरहिट रही. इसके बाद घई ने फिर से ‘शिखर’ फिल्म को बनाने पर काम किया. ताल फिल्म में इसी ‘शिखर’ फिल्म के कई सीन और गाने इस्तेमाल किए गए.

