शिवहर में मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए शनिवार को एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। जिला पदाधिकारी प्रतिभा रानी की अध्यक्षता में समाहरणालय में हुई इस जिला स्तरीय नार्को समन्वय केंद्र (NCORD) समिति की बैठक में नशे के बढ़ते कारोबार और युवाओं पर इसके प्रभाव की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में जिला औषधि निरीक्षक, अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी, सिविल सर्जन और मद्यनिषेध विभाग के अधिकारी मौजूद थे। जिला पदाधिकारी ने ड्रग इंस्पेक्टर को सभी मेडिकल स्टोरों की नियमित और सघन जांच सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। दुकानदारों पर नियमानुसार कड़ी कार्रवाई करने की मांग उन्होंने कहा कि बिना डॉक्टर के पर्चे के प्रतिबंधित और नशीली दवाएं बेचने वाले दुकानदारों पर नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाए। पुलिस और मद्यनिषेध विभाग को अपना सूचना तंत्र मजबूत करने के निर्देश दिए गए। उन्हें ऐसे क्षेत्रों की पहचान करने को कहा गया जहां मादक पदार्थों की अवैध खरीद-बिक्री की आशंका अधिक है। चिन्हित स्थानों पर त्वरित छापेमारी करने के भी आदेश दिए गए। शिक्षा और स्वास्थ्य विभाग को समन्वय स्थापित करने का निर्देश युवाओं और छात्रों को नशे की लत से बचाने के लिए शिक्षा और स्वास्थ्य विभाग को समन्वय स्थापित करने का निर्देश दिया गया। इसके तहत स्कूलों, कॉलेजों और कोचिंग संस्थानों में विशेष जागरूकता अभियान चलाए जाएंगे। डीएम ने सभी अधिकारियों को अगली समीक्षा बैठक में इन निर्देशों के अनुपालन की रिपोर्ट प्रस्तुत करने का आदेश दिया।
Source link

