शेखपुरा में गुरुवार रात एक 25 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका की पहचान आरती कुमारी के रूप में हुई। वह तीन छोटे बच्चों की मां थी। घटना के बाद परिजनों ने ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए जहर देकर हत्या करने का आरोप लगाया है। घटना
.
सूचना मिलते ही महुली थाना पुलिस मौके पर पहुंची। शव को बरामद कर पोस्टमॉर्टम के लिए शेखपुरा सदर अस्पताल भेजा गया। पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों का खुलासा हो पाएगा।
मायके वालों ने लगाए गंभीर आरोप
मृतका का मायका शेखपुरा शहर के बुधौली बाजार में है। माता-पिता नागेश्वर यादव और रीता देवी ने आरोप लगाया कि आरती को शादी के बाद से ही दहेज को लेकर प्रताड़ित किया जाता था। उनका दावा है कि दहेज की मांग पूरी न होने पर ससुरालवालों ने जहर पिलाकर उसकी हत्या कर दी।
रीता देवी ने बताया कि आरती ने अपने ननिहाल में ही शत्रुघ्न से प्रेम विवाह किया था और तीन बच्चों को जन्म देने के बाद ससुराल में रह रही थी। उन्होंने कहा,
हमारी बेटी को वर्षों तक प्रताड़ित किया गया। आखिरकार उसकी जान ले ली गई। – नागेश्वर यादव, मृतका के पिता
ससुराल पक्ष फरार, जांच जारी
घटना के बाद से ससुराल पक्ष के सभी सदस्य घर छोड़कर फरार हो गए हैं। पुलिस घर की तलाशी ले रही है। महुली थाना अध्यक्ष जल भरत राय ने बताया कि, लिखित शिकायत मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पति और देवर दिल्ली में करते हैं काम
आरती की शादी अकबरपुर निवासी शत्रुघ्न यादव से हुई थी। मृतका के 5 और 3 साल के दो बेटे, एक बेटी 4 साल की है। उसका पति और देवर फिलहाल दिल्ली में मजदूरी करते हैं। जबकि वह ससुराल में सास गायत्री देवी, ससुर नवल यादव और ननद रबीना कुमारी के साथ रह रही थी।