Last Updated:
Mangodi Sabzi Recipe: राजस्थान के जालौर की पारंपरिक मंगोड़ी की सब्जी सर्दियों में स्वाद का जबरदस्त तड़का लगाती है. दाल की मंगोड़ी, लहसुन, हरे प्याज और देसी मसालों से बनने वाली इस चटपटी डिश को बाजरे की रोटी के साथ खाने का मजा ही अलग है, जानिए इसे बनाने की आसान रेसिपी.
जालोर. सर्दियों का मौसम आते ही घरों में तरह-तरह की स्वादिष्ट और पौष्टिक सब्जियां बनने लगती हैं, इस मौसम में जहां हरी पत्तेदार सब्जियों की मांग बढ़ जाती है, वहीं राजस्थान की कुछ पारंपरिक देसी डिश भी लोगों की पसंद बनी रहती हैं. ऐसी ही एक खास राजस्थानी रेसिपी है मंगोड़ी की सब्जी, जिसे कई जगह बड़िया की सब्जी भी कहा जाता है. दाल से बनी मंगोड़ी, लहसुन, हरे प्याज और घर में मौजूद मसालों से तैयार होने वाली यह सब्जी स्वाद में लाजवाब होती है.
इसकी खासियत है कि इसे बनाने के लिए न तो ज्यादा सामग्री की जरूरत होती है और न ही घंटों रसोई में मेहनत करनी पड़ती है. मंगोड़ी की सब्जी बनाने के लिए सबसे पहले दाल से बनी मंगोड़ी लें, इन्हें हाथ या बेलन की मदद से छोटे-छोटे टुकड़ों में तोड़ लें. इसके बाद हरे पत्ते वाले प्याज, हरी मिर्च और हरे धनिये को बारीक काटकर रख लें. साथ ही लहसुन की कुछ कलियां लेकर उन्हें अच्छी तरह कूट लें, लहसुन इस सब्जी के स्वाद को खास बनाने में अहम भूमिका निभाता है.
इस तरह बनाएं राजस्थानी मंगोड़ी की सब्जी
सब्जी बनाने के लिए सबसे पहले कड़ाही में तेल गर्म करें, तेल गर्म होने पर इसमें तोड़ी हुई मंगोड़ी डालें और मध्यम आंच पर हल्का सुनहरा होने तक भून लें. ध्यान रखें कि मंगोड़ी ज्यादा न जले, बल्कि अच्छी तरह भुनकर हल्की कुरकुरी हो जाए. अब कुटे हुए लहसुन को थोड़े पानी में मिलाकर कड़ाही में डालें. इसके बाद स्वादानुसार नमक और घर में इस्तेमाल होने वाले मसाले मिलाएं. फिर इसमें कटा हुआ हरा प्याज और हरी मिर्च डालकर सभी सामग्री को अच्छी तरह मिला लें, जरूरत के अनुसार पानी डालें, ताकि मंगोड़ी नरम होकर मसालों का स्वाद अच्छी तरह सोख सके. सब्जी को कुछ देर पकने दें और दो-तीन उबाल आने तक इंतजार करें, जब मंगोड़ी नरम हो जाए और मसालों का स्वाद उसमें अच्छी तरह समा जाए, तब ऊपर से बारीक कटा हरा धनिया डाल दें. इस तरह तैयार हो जाएगी स्वादिष्ट और चटपटी राजस्थानी मंगोड़ी की सब्जी.
बाजरे की रोटी के साथ बढ़ जाता है स्वाद
मंगोड़ी की सब्जी सर्दियों के मौसम में खाने के लिए एक बेहतरीन देसी विकल्प है, इसे गरमा-गरम गेहूं की रोटी या पारंपरिक बाजरे की रोटी के साथ परोस सकते हैं. लहसुन की खुशबू, हरे प्याज का स्वाद और देसी मसालों का जायका इसे खास बनाता है. कम सामग्री और आसान तरीके से तैयार होने वाली यह पारंपरिक राजस्थानी रेसिपी रोजमर्रा के खाने में देसी स्वाद का तड़का लगाने के लिए बेहतरीन है.
About the Author

नमस्ते मेरा नाम मोनाली है, पेशे से पत्रकार हूं, ख़बरें लिखने का काम है. लेकिन कैमरे पर समाचार पढ़ना बेहद पसंद है. 2016 में पत्रकारिता में मास्टर्स करने के बाद पांच साल कैमरे पर न्यूज़ पढ़ने के साथ डेस्क पर खबरे…

