Badhal Ka Achar Recipe: अचार भारतीय थाली का अहम हिस्सा माना जाता है. ज्यादातर लोग आम, नींबू और मिर्च का आचार ही खाना पसंद करते हैं या यूं कहें कि उन्हें ऐसा लगता है कि यही अचार टेस्ट में बेस्ट होते हैं. लेकिन बड़हल एक ऐसा फल है जो इस सोच को कड़ी चुनौती देता है. बड़हल को मंकी जैकफ्रूट भी कहा जाता है, वैसे तो इसका सीजन जून से अगस्त तक माना जाता है, लेकिन सिंतबर अक्टूबर तक भी कहीं-कहीं ये बाजार में मिल जाते हैं.
वैसे तो ये एक फल है लेकिन जब ये कच्चा होता है तो इसका इस्तेमाल अचार और चटनी बनाने कि लिए भी किया जाता है. ऐसे में अगर आप पारंपरिक अचारों से अलग कुछ नया स्वाद चखना चाहते हैं, तो बड़हल का अचार एक बेहतरीन विकल्प हो सकता है. खास बात यह है कि इसे घर पर बहुत आसानी से बनाया जा सकता है और सही तरीके से रखने पर यह लंबे समय तक खराब भी नहीं होता है.
बड़हल क्यों है खास?
बड़हल देखने में छोटे कटहल जैसा लगता है, लेकिन इसकी बाहरी सतह मुलायम और मखमली होती है. इसमें विटामिन ए, विटामिन सी, आयरन और कई तरह के एंटीऑक्सीडेंट पाए जाते हैं. इतना ही नहीं इसमें फाइबर भी अच्छी मात्रा में होता जिससे ये पाचन के लिए भी फायदेमंद माना जाता है.
बड़हल का अचार रेसिपी
सामग्री
500 ग्राम कच्चा बड़हल
2 बड़े चम्मच सौंफ
1 बड़ा चम्मच मेथी दाना
2 बड़े चम्मच दरदरी पिसी सरसों
1 छोटा चम्मच कलौंजी
1 छोटा चम्मच हल्दी पाउडर
1.5 बड़ा चम्मच लाल मिर्च पाउडर
आधा छोटा चम्मच हींग
1 कप सरसों का तेल
2 बड़े चम्मच अमचूर पाउडर या सिरका
स्वादानुसार नमक
विधि
सबसे पहले बड़हल को छीलकर छोटे टुकड़ों में काट लें. एक बर्तन में पानी उबालें और उसमें थोड़ा नमक व हल्दी डालकर बड़हल के टुकड़ों को 3 से 4 मिनट तक हल्का उबाल लें. इसके बाद इन्हें निकालकर किसी सूती कपड़े पर फैला दें और 2 से 3 घंटे तक धूप या हवा में सुखाएं ताकि सारी नमी निकल जाए.
अब सौंफ और मेथी दाने को हल्का भूनकर दरदरा पीस लें. दूसरी ओर सरसों के तेल को अच्छी तरह गर्म करें और फिर थोड़ा ठंडा होने दें. गुनगुने तेल में हींग, कलौंजी, सौंफ-मेथी का मिश्रण, सरसों पाउडर, हल्दी, लाल मिर्च, अमचूर और नमक डालकर अच्छी तरह मिला लें.
इसके बाद सूखे हुए बड़हल के टुकड़ों को इस मसाले में डालें और अच्छी तरह मिलाएं. तैयार अचार को ठंडा होने दें और फिर साफ व सूखे कांच के जार में भर लें. जार को 3 से 4 दिन तक धूप में रखें. कुछ ही दिनों में स्वादिष्ट और चटपटा बड़हल का अचार तैयार हो जाएगा.

